केजरीवाल बनना चाहते हैं पंजाब के CM, BJP नेता ने किया बड़ा दावा, भगवंत मान को सतर्क रहने की सलाह
Delhi News: सिरसा ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि यह पंजाब है और उन्हें इस तरह का सपना नहीं देखना चाहिए।;
Delhi Election Results Looser Party AAP Arvind Kejriwal Political Future Analysis
Delhi News: दिल्ली की हार के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर भाजपा ने बड़ा दावा किया है। भाजपा नेता और दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट से चुनाव जीतने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा का कहना है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री की कुर्सी छिन जाने के बाद अब अरविंद केजरीवाल की निगाहें पंजाब पर हैं। वे भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटाकर खुद पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। वैसे दिल्ली में आप की हार के बाद पंजाब में भी सियासी हलचल तेज हो गई है। केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी के सभी मंत्रियों और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। हालांकि इस बैठक का एजेंडा अभी तक साफ नहीं हो सका है। आप नेताओं ने इस बैठक के बारे में अभी तक चुप्पी साथ रखी है। इस बीच सिरसा की ओर से किए गए दावे से अटकलों का बाजार गरम हो गया है।
मान को फेल साबित करेंगे केजरीवाल
भाजपा नेता सिरसा ने कहा कि दिल्ली का चुनाव हारने के बाद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की बैठक दिल्ली में बुलाई है। सच्चाई यह है कि केजरीवाल अब भगवंत मान को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटना चाह रहे हैं। इसके लिए वे भगवंत मान को अयोग्य और नाकारा साबित करना चाहते हैं। वे विधायकों से इस बात को कहलवाएंगे। इसके साथ ही पंजाब में खराब कानून व्यवस्था और महिलाओं को अभी तक एक हजार महीने का भुगतान शुरू न होने का मुद्दा भी उठेगा। मालूम हो कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की महिलाओं से इस बाबत वादा किया था मगर मान तीन साल में यह वादा पूरा नहीं कर सके हैं। सिरसा ने दावा किया कि केजरीवाल विधायकों के जरिए ही मान को फेल साबित करेंगे और केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जाएगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री को सतर्क रहने की सलाह
सिरसा ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि यह पंजाब है और उन्हें इस तरह का सपना नहीं देखना चाहिए। पंजाब के लोग किसी भी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और केजरीवाल को मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सतर्क रहने की भी सलाह दी। भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल की ओर से यह कदम उठाए जाने से पहले मान को सतर्क हो जाना चाहिए। उन्हें इस बात का पता होना चाहिए कि केजरीवाल किसी के सगे नहीं है। अपने सियासी जीवन में उन्होंने अभी तक हर किसी के साथ धोखा किया है। चाहे वह कुमार विश्वास हों या पार्टी का कोई विधायक। अब पंजाब के लोगों के साथ धोखा करने का सपना देख रहे हैं।
दिल्ली की हार का पंजाब पर पड़ेगा असर
दिल्ली के बाद आम आदमी पार्टी को पंजाब में बड़ी कामयाबी मिली थी और पार्टी ने राज्य की 117 में से 92 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी की बड़ी जीत के बाद भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया गया था। दिल्ली की हार के बाद इसका पंजाब में भी बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दावा किया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के तमाम विधायक दल बदलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पंजाब में मध्यावधि चुनाव की आशंका भी जताई है। ऐसे में सिरसा ने केजरीवाल को लेकर बड़ा दावा करके सनसनी फैला दी है।