Lok Sabha Election: बिहार में सीट बंटवारे में देरी पर लालू नाराज, राहुल को दी नसीहत, घूमना-फिरना छोड़कर पहले इसे सुलझाइए

Lok Sabha Election 2024: विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे में देरी पर राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने नाराजगी जताई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-02 07:19 GMT

Lalu Prasad Yadav and Rahul Gandhi  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में कई राज्यों में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। इन राज्यों में बिहार भी शामिल है। बिहार में अभी तक विपक्षी महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट बंटवारा नहीं किया जा सका है और विभिन्न दलों की ओर से ज्यादा से ज्यादा सीटों की डिमांड की जा रही है। विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे में देरी पर राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने नाराजगी जताई है।

राजद मुखिया ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि अब लोकसभा चुनाव के लिए ज्यादा वक्त नहीं बचा है। अब सभी दलों का सीटों का बंटवारा करके चुनावी तैयारी में जुटना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें घूमना-फिरना छोड़कर पहले सीट बंटवारे के मुद्दे को सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे में देरी से सियासी नुकसान हो सकता है।

अब सीट बंटवारे में विलंब उचित नहीं

बिहार में नीतीश कुमार महागठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल हो चुके हैं। नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने के बाद अब महागठबंधन में बाकी बचे दलों में ज्यादा से ज्यादा सीट हासिल करने की होड़ मची हुई है। महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और वाम दलों ने सीटों को लेकर अपनी डिमांड बढ़ा दी है। सीट बंटवारे का पेंच अभी तक नहीं सुलझ सका है और इसे लेकर राजद मुखिया कांग्रेस से नाराज हैं।

लालू यादव ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को समाप्त करके अब इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट बंटवारे पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सिर पर है। इसलिए इस काम में विलंब नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति के मैदान में सिर्फ बैठे रहने से काम नहीं चलने वाला है। लोगों से जुड़ने के लिए उनके बीच जाना पड़ता है और जन जागरण करना होता है।

देश की जनता विपक्षी गठबंधन के साथ

लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन की भूमिका पर लालू ने कहा कि देश की जनता विपक्षी गठबंधन के साथ है। नीतीश कुमार के विपक्षी गठबंधन से अलग होने का जिक्र करते हुए लालू ने कहा कि ऐसे लोग भले ही गठबंधन से अलग हो गए हैं मगर जनता अभी भी गठबंधन के साथ है। लालू ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विपक्षी गठबंधन का साथ नहीं छोड़ेंगी। वे इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।

अब नरेंद्र मोदी नहीं बन पाएंगे पीएम

राजद मुखिया ने कहा कि अपने पूरे सियासी जीवन के दौरान वे सांप्रदायिक ताकतों के सामने कभी नहीं झुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों से कभी हाथ भी नहीं मिलाया है। लालू ने कहा कि तेजस्वी यादव का सियासी जीवन भी ऐसा ही होगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए लालू ने कहा कि हम कभी उनके पास नहीं जाते हैं बल्कि बार-बार वे हमारी मदद लेने के लिए हमारे पास ही आते रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन को जीत हासिल होगी और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न राज्यों में इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में दिख रहा है और इस कारण विपक्षी दलों को बड़ी जीत हासिल होगी।

Tags:    

Similar News