मध्यप्रदेश में वादे पर खरी उतरी भाजपा, सिंधिया के लिए उठाया ये बड़ा कदम

भाजपा ने अपने वादे पर खरा उतरते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले सभी 22 पूर्व विधायकों पर दांव लगाया है।

Update:2020-10-07 09:15 IST
मध्यप्रदेश में वादे पर खरी उतरी भाजपा, सिंधिया के लिए उठाया ये बड़ा कदम

नई दिल्ली: बिहार के साथ ही एक और राज्य के चुनाव पर हर किसी की नजर टिकी हुई है। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं क्योंकि ये नतीजे राज्य की सत्ता का फैसला करेंगे। भाजपा ने मंगलवार को देर रात इन सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।

भाजपा ने अपने वादे पर खरा उतरते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले सभी 22 पूर्व विधायकों पर दांव लगाया है। इसके साथ ही कांग्रेस के उन तीन पूर्व विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा था।

सिंधिया समर्थकों के इस्तीफे के बाद सियासी ड्रामा

मध्यप्रदेश में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के बाद खूब सियासी ड्रामा चला था और उनके साथ 22 विधायकों ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इन विधायकों के इस्तीफा देने के कारण मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई थी। कई दिनों तक चले सियासी ड्रामे के बाद कोरोना संकट काल में ही आखिरकार शिवराज सिंह चौहान की ताजपोशी हुई थी।

यह भी पढ़ें....हाथरस पीड़िता पर BJP नेता का विवादित बयान, कही ऐसी बात, मचा हंगामा

शिवराज ने किया था वादा

इन विधायकों के इस्तीफे के कारण ही इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से वादा किया गया था कि कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले सभी पूर्व विधायकों को भाजपा टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारेगी। भाजपा ने अपने वादे पर खरा उतरते हुए सभी पूर्व विधायकों को टिकट देने का एलान कर दिया है।

कांग्रेस के तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट

हालांकि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले इन सभी पूर्व विधायकों को टिकट देने से भाजपा के अपने काडर में कुछ नाराजगी भी दिख रही है। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि बरसों से पार्टी की निष्ठा से सेवा करने वाले लोगों की अनदेखी की गई है मगर इन पूर्व विधायकों को चुनाव मैदान में उतारना भाजपा की सियासी मजबूरी भी मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें....हाथरस केस: आज हो सकते हैं कई अहम खुलासे, सरकार को रिपोर्ट दे सकती हैं SIT

भाजपा ने उन तीन पूर्व विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा है जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली थी। इनमें नेपानगर से सुमित्रा देवी, मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी और मांधाता से नारायण पटेल के नाम शामिल हैं।

निधन से रिक्त सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित

भाजपा ने तीन विधायकों के निधन से रिक्त हुई सीट पर भी अपने प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है। ब्यावरा सीट से नारायण सिंह पवार, जोरा से पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजोधा और आगर से मनोज ऊंटवाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

कांग्रेस के 27 प्रत्याशियों के नाम घोषित

कांग्रेस की ओर से भी मंगलवार को 4 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए गए। कांग्रेस की ओर से अब तक 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान किया जा चुका है और अब सिर्फ ब्यावरा सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा बाकी रह गई है।

यह भी पढ़ें....बिहार चुनाव: BJP ने जारी की कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट, यहां देखें पूरी सूची

मुरैना से राकेश मावई, मलहरा से रामसिया भारती, बदनावर से कमल पटेल और मेहगांव से पूर्व विधायक हेमंत कटारे को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

भाजपा लाएगी विधानसभा वार संकल्प पत्र

इस बीच भाजपा ने 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए विधानसभा वार संकल्प पत्र लाने का फैसला किया है। भाजपा की ओर से इसके लिए सभी मंत्रियों से सुझाव मांगे गए हैं।

संकल्प पत्र में पार्टी का किसानों और रोजगार पर विशेष फोकस रहेगा। इसके साथ ही प्रवासी श्रमिकों और क्षेत्रीय विकास पर भी पार्टी की ओर से जोर दिया जाएगा। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का कहना है कि सभी से विचार-विमर्श करने के बाद ही संकल्प पत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें....नीतीश ने चिराग को दिलाया याद, बोले-हमारी मदद से रामविलास पहुंचे राज्यसभा

कांग्रेस भी चुनौती पेश करने में जुटी

दूसरी ओर कांग्रेस भी वचन पत्र के जरिए भाजपा को चुनौती पेश करने की कोशिश में जुटी हुई है। प्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग के प्रमुख भूपेंद्र गुप्ता का कहना है कि वचन पत्र की तैयारी पूरी हो चुकी है और इसके माध्यम से क्षेत्र के विकास का खाका प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी सत्ता में आने पर क्या रणनीति अपना आएगी, इसकी तस्वीर भी जनता के सामने रखा जाएगा।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News