BJP New President: भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे, पीएम मोदी से मुलाकात के बाद तेज हुईं अटकलें

BJP New President: दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात के बाद इस चर्चा ने तेजी पकड़ ली है कि देवेंद्र फडणवीस को जल्द ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-07-30 06:38 GMT

Devendra Fadnavis PM Modi  meeting (photo: social media )

BJP New President: लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अटकलें लगाई जाती रही हैं। भाजपा के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है और ऐसे में उनके उत्तराधिकारी को लेकर कई नाम चर्चाओं में रहे हैं। भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस का नाम काफी मजबूती से उभरा है।

देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात के बाद इस चर्चा ने तेजी पकड़ ली है कि देवेंद्र फडणवीस को जल्द ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। फडणवीस के पक्ष में एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही संघ का समर्थन भी हासिल है।

मोदी, शाह और भागवत से अच्छे रिश्ते

महाराष्ट्र में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। महाराष्ट्र में इस बार लोकसभा चुनाव के नतीजे एनडीए के लिए अच्छे नहीं रहे। इसके बाद फडणवीस ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया था। अध्यक्ष पद के लिए फडणवीस का नाम मजबूती से उभरने के पीछे एक बड़ा कारण यह भी है कि फडणवीस का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों नेताओं के साथ काफी अच्छा रिश्ता है।

इन दोनों शीर्ष नेताओं के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से भी फडणवीस का काफी अच्छा संबंध है। ऐसे में जगत प्रकाश नड्डा के बाद उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चाओं ने तेजी पकड़ ली है।


पीएम मोदी से मुलाकात के बाद तेज हुईं अटकलें

एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि की गई है कि फडणवीस को जल्द ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट में कहा गया है कि पत्नी और बेटी के साथ फडणवीस की पीएम मोदी से मुलाकात से यह बात उजागर हुई है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उन्हें जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकता है।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पहले भाजपा अध्यक्ष के लिए उभरे नामों को लेकर संघ और भाजपा के बीच मतभेद थे मगर फडणवीस के नाम पर आम सहमति बनती हुई दिख रही है। पीएम मोदी से फडणवीस की मुलाकात के बाद जल्द ही कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है।


महाराष्ट्र में भी मिलेगा सियासी फायद

फडणवीस को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से महाराष्ट्र में भी भाजपा को सियासी लाभ मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। फडणवीस का ताल्लुक नागपुर से है जहां संघ मुख्यालय है। वे वहीं से विधायक हैं और मौजूदा समय में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि इसके पूर्व उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में भी काम किया है। पहले वह डिप्टी सीएम बनने के लिए तैयार नहीं थे मगर पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने यह पद स्वीकार किया था।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष शपथ के लिए महाराष्ट्र भाजपा के नेता विनोद तावड़े का नाम आगे माना जा रहा था। सुनील बंसल का भी नाम उछला था मगर अब फडणवीस का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।

नागपुर से ताल्लुक रखने वाले नितिन गडकरी भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और मौजूदा समय में मोदी केबिनेट के सबसे महत्वपूर्ण चेहरों में गिने जाते हैं। ऐसे में नागपुर से जुड़े नेता को दूसरी बार बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

फडणवीस की मजबूती के कारण

फडणवीस कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। ब्राह्मण जाति से ताल्लुक रखने वाले फडणवीस मराठी के साथ ही अच्छी हिंदी बोलने में भी सक्षम है। उन्हें चुनाव रणनीति और संगठन के काम में भी माहिर माना जाता है। ऐसे में हिंदी बेल्ट के राज्यों में भी भाजपा फडणवीस का बेहतर उपयोग कर सकती है।

फडणवीस के केंद्र की राजनीति में आने पर महाराष्ट्र में दूसरी लीडरशिप को बढ़ावा दिए जाने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भरोसेमंद होने के कारण फडणवीस का नाम पूरी मजबूती के साथ उभरा है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि भाजपा और संघ की ओर से कब उनके नाम पर मुहर लगाई जाती है।



Tags:    

Similar News