Road Accident: महाराष्ट्र के बीड में भीषण सड़क हादसा, कार और टेंपो टक्कर में 6 लोगों की मौत

Road Accident Maharashtra: महाराष्ट्र के बीड जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह बीड के पाटोदा – मांजुरसभा रोड पर कार और टेंपो के बीच भयंकर टक्कर हो गई।

Update: 2022-08-14 07:14 GMT

सीमापुरी इलाके में डिवाइडर पर सो रहे लोगों को ट्रक ने कुचला  (image social media)

Road Accident Maharashtra: महाराष्ट्र के बीड जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह बीड के पाटोदा - मांजुरसभा रोड पर कार और टेंपों के बीच भयंकर टक्कर हो गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत होने की खबर है। प्रारंभिक जानकारियों के अनुसार, सभी मृतक पुणे के निवासी हैं। सभी की मृत्यु अस्पताल ले जाने से पहले मौके पर ही हो गई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंच चुकी है। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से टेंपो के नीचे आ गई। उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी।

सभी मृतक एक ही परिवार के  

दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीड के पाटोदा - मांजुरसभा रोड पर रोड पर बामदले बस्ती के करीब सुबह 7 बजे स्विफ्ट डिजायर कार और आयशर टेंपो के बीच जोरदार भिडंत हो गई। इस एक्सीडेंट में कार में सवार सभी लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। कार में छह लोग सवार थे और सभी एक ही परिवार के थे। वे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। 

हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। फौरन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और टेंपो के अंदर फंसे कार में से लोगों को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने से पहले ही सभी कार सवार दम तोड़ चुके थे। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। शिनाख्त के बाद इनके परिवार को हादसे की सूचना दे दी जाएगी। 

आज सुबह हुआ भीषण हादसा 

बता दें कि महाराष्ट्र में रविवार यानी आज सुबह ही एक और सड़क हादसा हुआ था। आज सुबह 5 बजे मुंबई - पुणे एक्सप्रेस वे पर मुंबई के करीब खोपोली में कार एक्सीडेंट में शिवसंग्राम संगठन के अध्यक्ष विनायक मेटे की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी कार को ट्रक ने साइड से टक्कर मारा था। वह राज्य में मराठा आरक्षण को लेकर चल रहे आंदोलन में काफी सक्रिय थे। 

Tags:    

Similar News