Shimla Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला में बड़ा सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत, 6 अन्य जख्मी

Shimla Accident: शिमला के एएसपी नवदीप सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-12-04 08:34 GMT

Shimla Accident   (photo: social media )

Shimla Accident: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जिसमें 6 लोगों के मारे जाने की खबर है। सभी मृतक मजदूर बताए जा रहे हैं। हादसे में छह अन्य जख्मी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिमला के एएसपी नवदीप सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया था। तीन अन्य की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई।

जानकारी के मुताबिक, शिमला से 50 किलोमीटर दूर मंडी जिले की सीमा पर स्थित सुन्नी कस्बा के कढारघाट में यह हादसा सोमवार सुबह सात बजे के करीब हुआ। यहां एक पिकअप में सवार 12 लोग मंडी की ओर जा रहे थे। सभी पैसेंजर मजदूर थे। कढारघाट से कुछ ही दूरी पर पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि चालक ने अचानक गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वह सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।

पिकअप की खाई में गिरने की जोरदार आवाज आने के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर जख्मी लोग दर्द से चीख रहे थे। फौरन हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर एंबुलेंस के साथ पहुंची पुलिस टीम ने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला। तीन मजदूरों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। बाकी अन्य तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कुछ की हालत बेहद गंभीर 

सभी घायलों को सुन्नी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उन्हें शिमला रेफर किया जा सकता है। हादसे का शिकार हुए मजदूर सिरमौर और कश्मीर के बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

Tags:    

Similar News