MP Election 2023: ‘एमपी में कांग्रेस के दो बड़े नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे’, सतना में पीएम मोदी का दिग्गी-कमलनाथ पर बड़ा हमला

MP Election 2023: पीएम मोदी ने सतना में बीजेपी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर एमपी कांग्रेस के दो दिग्गज नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह रहे।

Update: 2023-11-09 07:31 GMT

PM Modi Rally in Satna (Photo: Social Media)

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ताबड़तोड़ प्रचार अभियान जारी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आज यूपी से सटे सतना जिले में रैली करने पहुंचे। उन्होंने सतना में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उनके निशाने पर एमपी कांग्रेस के दो बड़े नेता पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी रहे।

पीएम मोदी ने कहा, एमपी में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्य प्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं आजकल वो दोनों एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। यही नेता MP को दशकों तक अभाव में रखने के लिए जिम्मेदार हैं। ये आपके बेहतर भविष्य का भरोसा नहीं दे सकते। इनका तो अभी बस एक ही एजेंडा है कि 3 दिसंबर को भाजपा से हारने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस पर किसका बेटा कब्जा करेगा! अपने बेटों को सेट करने के लिए वो पूरे मध्य प्रदेश को अपसेट करने में लगे हैं।

कांग्रेस आई तो सारी योजना बंद कर देगी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहां-जहां आई, वहां-वहां तबाही आई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आई तो मुफ्त राशन मिलना बंद हो जाएगा। कांग्रेस आई तो मुफ्त इलाज मिलना बंद हो जाएगा, लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी। इसलिए आप को अपना एक-एक वोट कमल को डालकर कांग्रेस के घोटालेबाजों को रोकना है।

मोदी ने सारे घोटाले बंद कर दिए

प्रधानमंत्री ने कहा, गरीबों का घर हो, मुफ्त राशन हो, मुफ्त इलाज हो आज इन पर भाजपा सरकार लाखों करोड़ रुपये खर्च कर रही है अर्थात देश का पैसा गरीबों के काम आ रहा है। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार थी, तब देश के लाखों करोड़ रुपये 2G घोटाले, कोयला घोटाले, कॉमनवेल्थ घोटाले और हेलिकॉप्टर घोटाले में जाते थे।मोदी ने ये सारे घोटाले बंद कर दिए हैं। मोदी ने घोटाले भी बंद किए और कांग्रेस के करप्शन काल में जो बिचौलियों की मौज थी, उसको भी बंद करा दिया। भाजपा सरकार ने सरकारी योजनाओं का पैसा गरीबों के बैंक खातों में ट्रांसफर करना शुरू किया।


कांग्रेस ने फर्जी लाभार्थी पैदा किए

पीएम मोदी ने कहा, 10 साल में भाजपा सरकार ने 33 लाख करोड़ रुपये सीधे गरीबों के बैंक खातों में भेजे हैं और इसमें से एक रुपया भी इधर का उधर नहीं हो पाया। कांग्रेस किस तरह गरीबों का हक छीनती है उसका जीता-जागता प्रमाण है फर्जी लाभार्थी घोटाला। जितनी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आबादी मिलकर है, उतने फर्जी लाभार्थी कांग्रेस ने देश भर में कागजों में पैदा कर दिए थे।

कांग्रेस ने राष्ट्रनिर्माण के जज्बे को कुचल दिया

सतना में रैली को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी नीमच पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, आजादी के समय राष्ट्र निर्माण का जो जज़्बा था वो कांग्रेस ने एक परिवार की भक्ति में कुचल कर रख दिया। सत्ता के लालच में कांग्रेस ने हमेशा समाज को बांटने का काम किया है। फूट डालो और राज करो की नीति पर चली है।

उन्होंने कहा, कांग्रेस देश में अस्थिरता फैलाना चाहती है, अराजकता फैलाना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस ने ना जाने किस-किस से गुप्त समझौते किए हुए हैं। विदेश के जो लोग खुलेआम भारत के खिलाफ साजिश रचते हैं, कांग्रेस अब उनके साथ खड़ी नजर आती है। इसलिए मध्य प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से बहुत सतर्क रहना है।

Tags:    

Similar News