Nikki Yadav Murder Case: साहिल की डरावनी हकीकत से सदमे में है उसकी पत्नी, निक्की की बहन को भी सता रहा ये डर
Nikki Yadav Murder Case: साहिल की करतूत सामने आने के बाद पूरे परिवार को बड़ा झटका लगा है और वे कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।;
Nikki Yadav Murder Case: निक्की यादव हत्याकांड ने श्रद्धा मर्डर केस के बाद दिल्ली वालों को एकबार फिर झकझोड़ कर रख दिया है। मुख्य आरोपी साहिल गहलोत की बर्बरता से लोग हैरान हैं कि आखिर कैसे उसने सालों अपनी प्रेमिका के साथ रिलेशन मे रहने के बाद एक झटके में उसकी जान ले ली। साहिल की इस डरावनी सच्चाई से अबतक उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष भी अंजान था। मामला सामने आने के बाद पूरे परिवार को बड़ा झटका लगा है और वे कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, अपने पति की हकीकत जानने के बाद से साहिल की पत्नी सदमे में है। परिवार के एक नजदीकी रिश्तेदार ने बताया कि साहिल की पत्नी का अब उसके पास जाने का कोई इरादा नहीं है। इससे परिवार भी सहमत है। गौरतलब है कि 9 फरवरी को साहिल ने सगाई और 10 फरवरी को उसने शादी की थी। 9 फरवरी की रात को ही उसने हरियाणा की रहने वाली अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया था।
शादी के दिन सबकुछ सामान्य था
शादी में शामिल साहिल की पत्नी के एक रिश्तेदार ने बताया कि 10 फरवरी यानी शादी के दिन सबकुछ सामान्य नजर आ रहा था। साहिल और उसके परिवार को देखकर ऐसा कुछ भी अंदाजा लगाना मुश्किल था। ससुराल पक्ष के लोगों ने साहिल को काफी पसंद किया था। दोनों की शादी दिसंबर में ही तय हुई थी। रिश्तेदार ने बताया कि इस खबर से मां-बेटी इतने परेशान हो गए हैं कि उनकी तबियत खराब हो गई है।
निक्की की बहन ने जताया ये डर
निक्की यादव की हत्या को लेकर उसका पूरा परिवार गम में डूबा हुआ है। निक्की की छोटी बहन निधि ने घटना के बाद से बेहद विचलित हैं। उसे डर है कि कहीं उसकी बड़ी बहन का कातिल कहीं उसे भी नुकसान न पहुंचा दे। निधि ने अपनी बड़ी बहन के हत्यारे को तड़पा तड़पा कर मारने की गुहार पुलिस और सरकार से लगाई है।
बता दें कि 9 फरवरी की रात साहिल गहलोत ने कश्मीरी गेट आईसबीटी के पास कार में अपनी प्रेमिका और लिव - इन पार्टनर निक्की यादव की फोन केबल से गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद निक्की की लाश को लेकर वो करीब 40 मिनट तक दिल्ली की सड़कों पर कार घुमाता रहा। साहिल ने उसी दिन किसी अन्य लड़की से सगाई की थी और घटना के अगले ही दिन यानी 10 फरवरी को उसने शादी भी कर ली। आरोपी ने लाश को अपने ढ़ाबे के फ्रिज में छिपा रखा था।