Jammu Kashmir Election 2024 : 'मोहब्बत की दुकान में बेच रहे नफरत का सामान', कटरा में कांग्रेस पर गरजे पीएम मोदी

Jammu Kashmir Election 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को जम्मू कश्मीर पहुंचे। यहां कटरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये चुनाव जम्मू कश्मीर के विकास के लिए है।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-19 15:32 IST

Jammu Kashmir Election 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर के कटरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी पर करारा प्रहार किया और कहा कि इन तीन खानदानों ने यहां के लोगों को घाव दिए हैं, उनकी विरासत का सूर्य आपको अस्त करना ही होगा। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि मोहब्बत की दुकान पर नफरत का सामान बेच रहे हैं, ये इनकी पुरानी नीति है।  

Full View

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव, जम्मू-कश्मीर का भविष्य चुनने के लिए है। नए जम्मू कश्मीर को और बुलंद बनाने के लिए है। कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस के जिन तीन खानदानों ने इस क्षेत्र को सालों-साल घाव दिए, उनकी राजनीतिक विरासत का सूर्य आपको अस्त करना ही होगा। इसके लिए आपको कमल के निशान को चुनना होगा। उन्होंने कहा कि ये भाजपा ही है जो आपके हितों को प्राथमिकता देती है। भाजपा ने ही आपके साथ दशकों से चले आ रहे भेदभाव को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने जम्मू कश्मीर को विकास की धारा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारा ये क्षेत्र हमारी आस्था का, हमारी संस्कृति की पहचान है, इसलिए यहां ऐसी सरकार चाहिए, जो हमारी आस्था को सम्मान दे और हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाए।

कांग्रेस का शाही परिवार सबसे भ्रष्ट

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार के वारिस ने हाल ही में विदेश जाकर क्या कहा है, वो आपने भी सुना होगा। वो कहते हैं- 'हमारे देवी-देवता भगवान नहीं हैं।' हिंदू धर्म में गांव-गांव में देवी-देवताओं को पूजने की परंपरा है। हम ईस्ट देवों को मानने वाले लोग हैं और कांग्रेस वाले कहते हैं कि देवता भगवान नहीं होते। क्या आप इस बात से सहमत हैं? क्या ये हमारे देवी देवताओं का अपमान नहीं है?  उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार, देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। ये परिवार, भारत में भ्रष्टाचार की कुरीति का जन्मदाता है, उसका पोषक है। इनकी हिम्मत देखिए... ये डोगरों की धरती पर आकर, यहां के राज परिवार को भ्रष्ट कहते हैं।  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता ने डोगरा विरासत पर ये हमला जानबूझकर किया है। ये मोहब्बत की दुकान के नाम पर नफरत का सामान बेचने की उनकी पुरानी नीति है। इनको वोटबैंक के अलावा कुछ नहीं दिखाई देता। कांग्रेस कुछ मतों के लिए हमारी आस्था और संस्कृति को कभी भी दांव पर लगा सकती है। इन्होंने सालों साल तक जम्मू कश्मीर के बीच खाई को ऊंचा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर के साथ भेदभाव किया है। 

रियासी और उधमपुर के साथ किया सौतेला व्यवहार

पीएम मोदी ने कहा कि रियासी और उधमपुर के साथ कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी ने कैसा सौतेला व्यवहार किया है, ये आप मुझसे ज्यादा जानते हैं। अटल जी की सरकार के समय चिनाब ब्रिज स्वीकृत हुआ था, लेकिन कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस ने इसकी फाइल को दबा दिया। आपने मोदी को, भाजपा को ये काम सौंपा आज ये शानदार पुल सुविधा के साथ-साथ आकर्षण का भी केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले यहां माता के भक्तों पर कायराना हमला हुआ है। मैं विजय कुमार जी को नमन करता हूं, उन्होंने शिवखेड़ी में श्रद्धालुओं को बचाने के लिए अपना जीवन दे दिया। ये जज्बा हमें प्रेरित करता है। 

कांग्रेस - नेशनल कॉन्फ्रेंस की पाकिस्तान ने खोली पोल

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस को लेकर जम्मू-कश्मीर में भले ही उत्साह न हो, लेकिन पड़ोसी देश (पाकिस्तान) इन्हें लेकर बहुत उत्साहित है। पाकिस्तान में कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस के गठबंधन की बल्ले-बल्ले हो रही है। इनके घोषणा पत्र से पाकिस्तान बहुत प्रभावित है। पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ने कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस का खुलकर समर्थन किया है। उनका कहना है कि आर्टिकल 370 और 35 ए को लेकर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस का एजेंडा वही है, जो पाकिस्तान का एजेंडा है यानी कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस की पोल खुद पाकिस्तान ने खोल दी है।

दुनिया की कोई ताकत 370 की वापसी नहीं करा सकती

उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस को डंके की चोट पर कह रहा हूं कि जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के एजेंडे को लागू नहीं होने देंगे। दुनिया की कोई ताकत जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की वापसी नहीं करा सकती। उन्होंने आपको एक बार फिर से आश्वस्त करता हूं कि जम्मू कश्मीर को ​हम फिर से राज्य बनाएंगे। हमने इसकी घोषणा संसद में ही कर दी थी। उन्होंने कहा कि जब से अनुच्छेद 370 की दिवार यहां टूटी है, तब से आतंक और अलगाव यहां लगातार कमजोर पड़ रहे हैं। जम्मू कश्मीर स्थाई शांति की ओर बढ़ चला है। आप सभी के सहयोग से जम्मू कश्मीर आतंकवाद से पूरी तरह मुक्त होकर रहेगा।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 और 35 ए के निष्प्रभावी होने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। जम्मू कश्मीर की कुल 90 विधानसभा चुनाव सीटों पर तीन चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 18 सितंबर को संपन्न हो गया है, जबकि दूसरे चरण का चुनाव 25 सितंबर को होगा। वहीं, तीसरे और अंतिम चरण का चुनाव 5 अक्टूबर को होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी। 

Tags:    

Similar News