PM Modi in Haryana: वादे के पक्के होते हैं हरियाणवी... पीएम मोदी का हैट्रिक लगाने का वादा

PM Modi in Haryana: सीएम ने कहा कि हरियाणा की पिछली 50 सालों की सरकारों और भाजपा के आपके तत्वाधान में 10 सालों के कामों में जमीन आसमान का अंतर आज दिखाई देता है।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-14 17:30 IST

PM Modi in Haryana (Photo: Social Media)

PM Modi: राम-राम, आज गीता की धरती पर आकै मन्ने घणी खुशी होवे... अपने इन शब्दों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र के थीम पार्क से जनता को सम्बोधित किया। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को हरियाणा पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने न केवल सैनी सरकार की तारीफों के पुल बांधे बल्कि कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले 50 साल का इतिहास है कि हरियाणा की विशेषता रही है दिल्ली में जिसकी सरकार रहती है हरियाणा में भी उसी की सरकार बनाते हैं। कभी उलट फेर नहीं होने देते हैं... कुरुक्षेत्र से तो हमारे मुख्यमंत्री खुद ही उम्मीदवार हैं। आज हरियाणा के इस बेटे की प्रशंसा पूरे देश में होती है। इतने कम समय में बहुत कम लोगों को इतनी लोकप्रियता मिलती है। हमारे मुख्यमंत्री 24 घंटे हरियाणा के विकास के लिए समर्पित रहते हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, हमने कांग्रेस की सरकार का वो दौर देखा है जब विकास का पैसे केवल 1 जिले तक समित रह जाता था। वो पैसा किस-किस की जेब में जाता था ये भी बच्चा-बच्चा जानता है। भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा है। भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा के आधे घरों में नल का कनेक्शन नहीं था, आज हरियाणा करीब करीब शत प्रतीशत नल कनेक्शन वाला राज्य बन रहा है।

जुबान के पक्के होते हैं हरियाणवी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैंने कहा था कि इस बार भाजपा सरकार के पहले 100 दिन बड़े फैसले के होंगे। गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के मजबूत बनाने वाले होंगे। अभी 100 दिन पूरे भी नहीं हुए हैं, लेकिन हमारी सरकार ने करीब 15 लाख करोड़ रुपए के नए काम शुरू करवा दिए हैं। मैं आज हरियाणा के लोगों के बीच आया हूं, आप लोग इस गरीब के बेटे(हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी) को आशीर्वाद दीजिए, भाजपा को आशीर्वाद दीजिए। हमारे हरियाणा के लोग जुबान के बड़े पक्के होते हैं। एक बार जो वादा कर दिया... वो कर दिया। भाजपा ने भी हरियाणा से यही सीखा है और मैंने तो हरियाणा की रोटी खाई है। भाजपा जो कहती है, वो करके जरूर दिखाती है।

हरियाणा का जो भी व्यक्ति मिलेगा वो कहता है कि हमारे मुख्यमंत्री तो विनम्रता के संबंध में हमारे हरियाणा का गौरव बढ़ा देते हैं। उनका व्यक्तित्व बहुत सहज हैं...पिछड़े समाज से निकलकर यहां इस बड़े पद पर पहुंचना और इस पद पर भी नम्रता के साथ जीना बहुत बड़ी उपलब्धि है। भाजपा के कार्यकर्ता के नाते मुझे हरियाणा में अनेक वर्षों तक काम करने का अवसर मिला है। मेरे यहां बहुत सारे पुराने साथी बैठे हैं, जब में मुख्यमंत्री की तारीफ सुनता हूं तो गर्व से भर जाता हूं। इनका विजन और इनकी लगन बड़े-बड़ों से भी कहीं बड़ी है।

सीएम सैनी ने किया सम्बोधित

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, पिछले 10 सालों में हरियाणा बदला भी है और बेहतर भी हुआ है। हरियाणा की पिछली 50 सालों की सरकारों और भाजपा के आपके तत्वाधान में 10 सालों के कामों में जमीन आसमान का अंतर आज दिखाई देता है। पहले हरियाणा में नौकरी बिकती थी, पर्ची-खर्ची चलती है। अब हरियाणा में नौकरी बिकती नहीं है। न पर्ची चलती है, न खर्ची है और न ही मर्जी चलती है। पहले किसान फसल बेचता था लेकिन दाम किसी और के खाते में जाता था। आज किसान मंडी में फसल बेचकर आता है, 72 घंटे में सीधा पैसा किसान के खाते में पहुंच जाता है। पहले हरियाणा के हमारे बुजुर्ग 500 रुपये पेंशन पाते थे। आज बुजुर्गों को 3,000 रुपये की पेंशन मिलती है जो पूरे देश में सर्वाधिक है।

Tags:    

Similar News