राहुल गांधी ने हिमाचल के नाहन में जनसभा को किया संबोधित, पीएम मोदी और अदाणी पर साधा निशाना

Rahul Gandhi in Himachal Pradesh: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज हिमाचल प्रदेश के नाहन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने पीएम मोदी और अदाणी पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी वजह से बागवानों को सेब के सही दाम नहीं मिलते हैं।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-26 09:20 GMT

Rahul Gandhi in Himachal Pradesh: लोकसभा चुनाव अब अपने अंतिम दौर में है। पहले 6 चरणों के लिए मतदान समाप्त हो चुके हैं। सातवें व अंतिम फेज के लिए 1 जून को वोटिंग होनी है। इसको लेकर तमाम राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने हिस्से की तैयारियों में जुट गई हैं। दलों के स्टार प्रचारक अलग -अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश के नाहन पहुंचे, जहां उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी व देश के मशहूर बिजनेसमैन अदाणी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी कोल्ड स्टोरेज अदाणी को दे दिए हैं, वो जब चाहें सेब के दाम को कंट्रोल कर सकते हैं। इस वजह से हिमाचल के किसानों को सेब के सही दाम नहीं मिल पाते हैं।

पीएम मोदी का भगवान के साथ सीधा कनेक्शन: राहुल

राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 40 साल मेहनत करने के बाद एक आम आदमी सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बना है। मैंने सीएम सुक्खू को मेहनत करते देखा है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे कार्यकर्ता देश की आजादी के लिए लड़े। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। बीजेपी के नेता खुलकर कह रहे हैं कि हमारी सरकार 400 पार हुई तो संविधान को फाड़कर फेंक देंगे। राहुल गांधी ने आगे पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि उनका भगवान के साथ सीधा कनेक्शन है और उनके कार्यकर्ता ताली बजाते हैं और कहते हैं वाह क्या बात कही।

अदाणी पर बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अदाणी को हिमाचल के सेब पकड़ा दिए। एयरपोर्ट दे दिए। शायद परमात्मा कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी को अदाणी की मदद करनी चाहिए। राहुल गांधी ने आगे पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने कुछ लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ किया, लेकिन हिमाचल को 9 हजार करोड़ नहीं दिया। इसके साथ ही राहुल ने कहा कि मोदी और अदाणी की दोस्ती के कारण हिमाचल प्रदेश के किसानों को सेब के उचित दाम नहीं मिल पाते। पीएम मोदी ने सभी कोल्ड स्टोरेज अपने पार्टनर अदाणी को दे दिए हैं, वो जब चाहते हैं सेब के दाम को कंट्रोल कर देते हैं।

'30 लाख सरकारी नौकरियां खाली'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे नौकरी को मुद्दा बनाते हुए कहा, "PM मोदी ने हमें वादा किया था कि वह 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि जब हमने पता लगाया तो पता चला कि 30 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। वो 30 लाख नौकरी हम आपको देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हम देश के ग्रेजुएट युवाओं के लिए एक नया अधिकार लाने जा रहे हैं जिसका नाम 'पहली नौकरी पक्का अधिकार'।"

Tags:    

Similar News