चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले- संविधान बचाने के लिए जनता एकजुट हुई

Rahul Gandhi Press Conference: चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संविधान की रक्षा करने को देश की जनता एकजुट हो गई। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-04 12:54 GMT

Rahul Gandhi Press Conference: चुनाव परिणाम सामने आने के बाद आज यानी 4 जून की शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह ने देश की कई मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला। हमारी लड़ाई इन्हीं के खिलाफ थी। उन्होंने कहा कि मुझे पता था कि देश की जनता संविधान बचाने के लिए एकजुट होंगे। एकजुट होने के लिए देश की जनता का धन्यवाद। राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों ने एकजुट हो कर चुनाव लड़ा। गठबंधन में सभी दलों की भावनाओं का सम्मान किया गया। इंडिया गठबंधन ने देश को एक नया विजन दे दिया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने साफ कर दिया है कि अब हम आपको नहीं चाहते हैं। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की संविधान को बचाने का काम देश की गरीब जनता ने किया है, देश के मजदूरों ने किया है, किसानों ने किया है, दलितों ने किया है, पिछड़ों ने किया है। उन्होंने कहा कि यह संविधान देश की आवाज है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आप सभी देश की जनता का धन्यवाद करती है। साथ ही पार्टी ने जो भी वादे किये थे जरूर पूरे होंगे। बता दें, इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव (संचार) जयराम रमेश मौजूद रहे। प्रेसवार्ता के बाद राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कल इंडिया गठबंधन की मीटिंग है। हम कल उसमें अहम फैसले लेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। अब मैं पार्टी से सलाह लेकर फैसला करूंगा कि आखिर मुझे किस सीट से रहना है। 

रायबरेली से राहुल गांधी ने दर्ज की जीत 

उत्तर प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक रायबरेली में एक बार फिर कांग्रेस ने बाजी मारी है। इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को 3 लाख 80 हजार वोटों से पटखनी दी है। राहुल गांधी को करीब 6 लाख 80 हजार वोट पड़े। वहीं दिनेश प्रताप सिंह के खाते में करीब 2 लाख 93 हजार वोट आए। वहीं तीसरे स्थान पर मायावती की पार्टी बसपा के उम्मीदवार ठाकुर प्रसाद यादव रहे, जिन्हें करीब 21 हजार वोट प्राप्त हुए। मतगणना की शुरूआत से ही राहुल गांधी ने लगातार बढ़त बनाए रखा। चुनाव के शुरुआत में इस बात की चर्चा थी कि राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, कांग्रेस हाईकमान ने अपने फैसले से सबको चौंका दिया था। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के बाद राहुल गांधी जब उत्तर प्रदेश पहुंचे तो यह ऐलान हुआ कि वे अपनी मां सोनिया गांधी की छोड़ी हुई सीट रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। और प्रियंका गांधी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी।

Tags:    

Similar News