Rahul Gandhi बोले- CWC का ऐतिहासिक फैसला, सभी कांग्रेस शासित राज्यों में कराएंगे जातीय जनगणना

Rahul Gandhi on caste census : CWC की बैठक के बाद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हम सभी कांग्रेस शासित राज्यों में जातीय गणना करवाएंगे। बीजेपी पर इसके लिए दबाव बनाएंगे।

Report :  aman
Update: 2023-10-09 10:02 GMT

Rahul Gandhi (Social Media) 

Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (09 अक्टूबर) को राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया। राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संबोधन में कहा कि, 'कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। सभी कांग्रेस शासित राज्यों में जातीय जनगणना करवाएगी।'

गौरतलब है कि, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की आज कांग्रेस मुख्यालय में बैठक हुई। इसके बाद पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'हमने सर्वसम्मति से सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में जातीय जनगणना पर सहमति जताई।उन्होंने आगे कहा, विपक्षी गठबंधन 'INDIA' में शामिल अधिकतर दल जातिगत जनगणना के साथ है। 

'INDIA' के ज्यादातर दल जातिगत गणना के साथ

अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि, विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में शामिल ज्यादातर दल जातिगत गणना के साथ हैं। दरअसल, बिहार में जातिगत सर्वे (Caste survey in Bihar) के बाद से कांग्रेस और राहुल गांधी कह रहे हैं कि, 'जिसकी जितनी हिस्सेदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी'।

प्रधानमंत्री का जिक्र, ध्यान भटकाने का आरोप

राहुल गांधी आज भी चिरपरिचित अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा, 'हमारे (कांग्रेस शासित राज्य) चार में से तीन मुख्यमंत्री अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से आते हैं। वहीं, बीजेपी का 10 में से सिर्फ एक ही मुख्यमंत्री ओबीसी समाज से है। उन्होंने दावा किया कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओबीसी के लिए काम नहीं करते। बल्कि, सिर्फ ध्यान भटकाने का प्रयास करते हैं।' 

'साफ दिखेगा हिंदुस्तान में कितने और कौन लोग'

वायनाड सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'जातिगत गणना साफ-साफ दिखाएगा कि हिंदुस्तान में कितने और कौन लोग हैं। हमें ये पता लग जाएगा कि कितने लोग हैं और धन किसके हाथ में है। शायद इसमें हमारी भी गलती है।'

विधानसभा चुनाव पर क्या बोले? 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'आने वाले दिनों में राजस्थान (Rajasthan) और छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में कांग्रेस की सरकार फिर से बनने जा रही है। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में बीजेपी की सरकार जा रही है, वहीं तेलंगाना में भी उनकी (भारत राष्ट्र समिति) सरकार जा रही है।' 

पीएम मोदी 'एक्स-रे' से क्यों घबरा रहे?

राहुल गांधी बोले, 'जातिगत जनगणना धर्म या जाति के बारे में नहीं है। ये गरीब तबके के बारे में है। यह जातिगत जनगणना गरीबों के बारे में जानकारी देगा। फिलहाल दो भारत है। एक अडानी का भारत और दूसरा गरीबों का भारत। हमें इस नए 'एक्स-रे' की जरूरत है। राहुल ने कहा, मेरा सवाल है कि आखिर इस 'एक्स-रे' से क्यों घबरा रहे हैं?'

क्यों कर्नाटक जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी नहीं हो रहे?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, '2014 और 2015 में हमने जातिगत जनगणना (Karnataka caste census) कराई थी। तक हमारी सरकार का कार्यकाल समाप्त हुआ था। साल 2018 में गठबंधन सरकार आ गई। उन्होंने कहा, जब मैंने ओबीसी प्रतिनिधित्व में असमानता का मुद्दा उठाया, प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा। प्रधानमंत्री मोदी ओबीसी के लिए काम नहीं करते हैं। उनका काम ओबीसी वर्ग को भ्रमित करना है।'

बैठक में ये भी रहे शामिल

आपको बता दें, बैठक में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge), पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot), छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel), कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

Tags:    

Similar News