Alwar Mob Lynching: अलवर में भीड़ ने 3 युवकों को पीटा, इलाज के दौरान एक की मौत, गाड़ी रोकने के लिए लगाई थी JCB

Alwar Mob Lynching: अलवर में मॉब लिंचिंग की खबर से हंगामा मचा है। वसीम नाम का एक शख्स अपने तीन साथियों के साथ जा रहा था। तभी भीड़ ने हमला बोल दिया। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान वसीम ने दम तोड़ दिया।

Update: 2023-08-18 15:41 GMT
Alwar Mob Lynching (Social media)

Alwar Mob Lynching: राजस्थान अपराध की एक खबर की वजह से फिर सुर्ख़ियों में है। अलवर में शुक्रवार (18 अगस्त) को मॉब लिंचिंग का एक मामला सामने आया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वसीम नाम के एक शख्स को भीड़ जमकर पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वसीम अपने दो साथियों के साथ गाड़ी से जा रहा था। इसी दौरान अलवर जिले के नारोल गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोका। उन लोगों ने वसीम सहित उसके साथियों के साथ मारपीट की। इस मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को कोटपुतली जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान वसीम ने दम तोड़ दिया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही वसीम और उसके साथियों के परिजनों हरसौरा थाना पहुंचे। पुलिस तुरंत घटनास्थल पहुंची और उस एरिया को सील कर दिया। एफएसएल की टीम वारदात वाले स्थान से साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

क्या बताया मृतक के परिजन ने

tv9 की रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक वसीम के दादा अब्दुल हई ने बताया कि, 'उनका पोता (वसीम) पेड़ों की खरीद-बिक्री का काम करता था। वसीम ने दो दिन पहले रामपुर में पेड़ खरीदे थे। उन्हीं की कटाई करने अपने चाचा और ताऊ के लड़के आसिफ और अजहरुद्दीन के साथ गया था। वसीम के दादा ने बताया, इसी दौरान कुछ लोगों ने कहा कि, वन विभाग (Forest department) की टीम चक्कर लगा रही है। अभी आप लोग पेड़ मत काटो। जिसके बाद ये सभी अपने घर लौट रहे थे। तभी वन विभाग की गाड़ी इनके पीछे लग गई।'

JCB लगाकर रोकी गाड़ी

अब्दुल हई ने आगे कहा, 'इसी दौरान कुछ लोगों ने नारोला के पास वसीम की गाड़ी के आगे जेसीबी लगाकर रुकवा लिया। तब 7-8 लोगों ने लाठी-डंडों से इन पर हमला कर दिया। जमकर मारपीट की। इस वारदात में तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। इलाज के क्रम में वसीम ने दम तोड़ दिया।

धारदार हथियार से वार

वसीम के दादा ने बताया, कि उनके पोते की छाती पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया लगता है। इस घटना की सूचना जैसे ही हरसौरा थाना पुलिस (Harsora Police Station) को मिली। पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। वसीम की हालत गंभीर थी, जिसने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया। वसीम के परिजनों ने 8 से 10 लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।'

चश्मदीद की जुबानी, पूरी कहानी

TV9 ने इस घटना के चश्मदीद आसिफ के हवाले से बताया है कि, 'वसीम अपने साथियों के साथ पिकअप वैन से वापस घर लौट रहे थे। तभी उनके पीछे वन विभाग की टीम लग गई। उस जीप में 7-8 लोग सवार थे। उन्होंने किसी को फोन किया। थोड़ी ही देर में उनकी पिकअप गाड़ी के आगे जेसीबी लगाकर कुछ लोग खड़े हो गए। रोकने के बाद उनके साथ मारपीट की गई। जिसमें वो बेहोश हो गए।

क्या कहा ASP ने?

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए नीमराना के एएसपी जगराम मीणा (ASP Jagram Meena) ने बताया कि, 'हरसौरा थाना प्रभारी को जानकारी मिली थी कि कुछ लोगों के बीच मारपीट हुई है। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक मारपीट करने वाले मौके से फरार हो गए। पुलिस को वहां 3 लोग गंभीर हालत में पड़े मिले। उनमें से एक की हालत ज्यादा खराब थी। उसे कोटपूतली रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश में जुटी है।'

Tags:    

Similar News