झारखंड सरकार का एक साल: जारी होगा रिपोर्ट कार्ड, जनता को गिनाएंगे उपलब्धियां...

झारखंड में 29 दिसंबर 2019 को हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद ने मिलकर सरकार का गठन किया। लिहाज़ा, सरकार के एक साल पूरा होने पर रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा।

Update: 2020-12-05 16:41 GMT
झारखंड सरकार का एक साल: जारी होगा रिपोर्ट कार्ड, जनता को गिनाएंगे उपलब्धियां...

रांची: झारखंड में 29 दिसंबर 2019 को हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद ने मिलकर सरकार का गठन किया। लिहाज़ा, सरकार के एक साल पूरा होने पर रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश अद्यक्ष एवं राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा है कि, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। दूसरी तरफ़ प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने सरकार की नाकामियों का ब्योरा पेश करने की योजना बनाई है।

ये भी पढ़ें: किसान आंदोलन: संसद का विशेष सत्र बुला सकती है सरकार, कर सकती है ये बदलाव

सामूहिकता के साथ निर्णय

सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी का कहना है कि, पूर्ववर्ती रघुवर दास की सरकार में तानाशाही थी। सभी निर्णय एक व्यक्ति के द्वारा लिए जाते थे। उन निर्णयों पर बग़ैर जनता की राय लिए उसे थोप दिया जाता था। भूमि अधिग्रहण और सीएनटी-एसपीटी एक्ट को लेकर पूरे राज्य में आंदोलनहुए लेकिन सरकार जनता के आगे नहीं झुकी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि, झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में सभी निर्णय सामूहिकता के साथ लिए जाते हैं। सरकार ने विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के सुझावों पर अमल किया है। सरकार ने छठ गाइडलाइन को लेकर मिल रही सुझावों पर अमल किया और उसमें संशोधन किया गया।

यूपीए विधायकों की बैठक

हेमंत सोरेन सरकार के एक साल पूरे होने से पहले यूपीए विधायकों की रांची में बैठक हुई। सत्ताधारी झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं जल संसाधन मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि, सरकार गठन के बाद वैश्विक महामारी के कारण विकास कार्य तेज़ी के साथ नहीं किए जा सके। लिहाज़ा, उसे रफ्तार देने की कोशिश की जा रही है। सरकार के अंदर नाराज़गी के सवाल पर उन्होने कहा कि, इसका दूर-दूर तक सच्चाई से कोई नाता नहीं है। दुमका और बेरमो उप चुनाव में यूपीए प्रत्याशियों की जीत ने हेमंत सरकार के प्रति अपना विश्वास दोबारा जताया है। कांग्रेस नेता एवं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि, मुख्यमंत्री लगातार विभागवार समीक्षा कर रहे हैं। सीएम सभी मंत्रियों और विधायकों से बात कर रहे हैं। इससे साफ है कि, राज्य का युवा मुख्यमंत्री विकास कार्यों को लेकर गंभीर है।

ये भी पढ़ें: बैठक में सरकार से ये मांग करेंगे किसान, कहा- इससे कम पर नहीं होगी बात

नाकामियों का रिपोर्ट कार्ड

सरकार उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी करने की तैयारी में है तो विपक्षी भाजपा नाकामियों का ब्योरा पेश करने की योजना बना रही है। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश सह प्रभारी एवं बांकुड़ा सांसद डॉ. सुभाष सरकार ने कहा है कि, सरकार के एक साल पूरा होने पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और नाकामियों को गिनाएगी। उन्होने कहा कि, हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिचौलिए हावि हैं। लूट और उगाही का पैसा सरकार तक पहुंच रहा है। प्रदेश सह प्रभारी ने कहा कि, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विकास योजनाओं के लिए राज्य को पैसों की कमी नहीं होने दी लेकिन यहां की सरकार केवल बहाना बनाने में यक़ीन करती है। राज्य सरकार को केंद्र से भेजी गई राशि का हिसाब देना चाहिए।

रांची से शाहनवाज़ की रिपोर्ट

Tags:    

Similar News