Sonia Gandhi Retirement: सोनिया गांधी ने सक्रिय राजनीति को कहा 'अलविदा'

Sonia Gandhi Retirement: सोनिया गांधी ने कहा - 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2023-02-25 10:07 GMT

Sonia Gandi Retirement

Sonia Gandhi Retirement: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी राजनीतिक पारी समाप्त करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा है कि उनकी "पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है"। सोनिया ने यह बात छत्तीसगढ़ के रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें पूर्ण अधिवेशन के दूसरे दिन पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कही।

सोनिया गांधी ने कहा - 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हुई है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है।

यह भी पढ़ें: सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी, जानें- उनका राजनीतिक सफर

चुनौतीपूर्ण समय

सोनिया ने कहा - "कांग्रेस और पूरे देश के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा कर लिया है। भाजपा नफरत की आग में घी डाल रही है। इसने शातिर तरीके से अल्पसंख्यकों, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को निशाना बनाया है। हमें सख्ती से भाजपा शासन से निपटना चाहिए, लोगों तक पहुंचना चाहिए और स्पष्टता के साथ अपना संदेश देना चाहिए।"

यह भी पढ़ें: पहले पॉलिटिक्स में हीं नहीं आना चाहती थीं सोनिया गांधी, फिर संभाली बड़ी जिम्मेदारी

आर्थिक बर्बादी का आरोप

सोनिया गांधी ने सरकार पर एक विशेष व्यवसायी का पक्ष लेकर आर्थिक बर्बादी करने का भी आरोप लगाया। उनका ये हमला उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े एक विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से था।

सोनिया ने उल्लेख किया कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं है बल्कि यह सभी धर्मों, जातियों और लिंगों के लोगों की आवाज को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी उन सभी के सपनों को पूरा करेगी। कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के कार्य संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अवमानना ​​दिखाते हैं।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी- नारी शक्ति का जीता जागता एक प्रत्यक्ष उदाहरण

1998 में बनीं थीं अध्यक्ष

सोनिया गांधी ने 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था जब पार्टी सिर्फ तीन राज्यों (मध्य प्रदेश, ओडिशा और मिजोरम) में सत्ता में थी। पार्टी वर्तमान में केवल दो राज्यों (राजस्थान और छत्तीसगढ़) में सत्ता में है।

खड़गे का सम्बोधन

सोनिया गांधी के संबोधन से पहले कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पार्टी एक बार फिर भाजपा को हराने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन करने की उम्मीद कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।'

भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि भाजपा देश के लोकतंत्र को बाधित करने की साजिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस भारत को एकजुट करने की कोशिश कर रही है।”

उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के लिए पार्टी नेता राहुल गांधी और 22 साल तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य एमएसएमई के माध्यम से करोड़ों लोगों के लिए रोजगार पैदा करना, बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करना, अमीर और गरीब के बीच की खाई को पाटना और यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले।" 


यह भी पढ़ें: अभी तो सोनिया का पूर्ण रिटायरमेंट नहीं

Tags:    

Similar News