Independence Day 2022: सोनिया गांधी ने कहा-केंद्र में है आत्ममुग्ध सरकार

Independence Day 2022: सोनिया गांधी ने कहा आज की आत्ममुग्ध सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली अतीतों को तुच्छ साबित करने पर तुली है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-08-15 07:01 GMT

सोनिया गांधी (फोटो: सोशल मीडिया ) 

Independence Day 2022: स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने देश के नाम जारी संदेश में कहा कि भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के लीडरशिप में एक और जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की। वहीं संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को मजबूत बनाया।

इसके साथ – साथ भारत भाषा-धर्म-संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर सदैव खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूप में पहचान बनाई है। कांग्रेस अध्यक्षा ने आगे कहा कि पिछले 75 सालों में देशवासियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, स्वास्थ्य, शिक्षा और आईटी सहित सभी क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय पटल पर अमित छाप छोड़ी है।

मोदी सरकार पर साधा निशाना

रायबरेली से कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने अपने संदेश में मोदी सरकार पर निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा कि हमने बीते 75 सालों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं मगर आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली अतीतों को तुच्छ साबित करने पर तुली है।

सोनिया गांधी ने आगे कहा कि गांधी-नेहरू-पटेल-आजाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने की हर कोशिश का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर गलत बयानी की जा रही है।

अंबिका सोनी ने कांग्रेस दफ्तर में फहराया तिरंगा

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री अंबिका सोनी ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया। इस दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा जैसे वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण से पहले वंदेमातरम् और उसके बाद झंडा गीत और राष्ट्रगान गाया गया।

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस पार्टी आज महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय से मार्च निकालेगी।

Tags:    

Similar News