BJP National Executive: स्वतंत्र देव सिंह राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य नियुक्त, अमरिंदर सिंह और जाखड़ को भी मिली जगह

BJP National Executive: बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्वतंत्र देव सिंह, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को शामिल किया गया है।

Written By :  aman
Update: 2022-12-02 10:10 GMT

BJP National Executive Members: योगी सरकार में जल शक्ति मंत्री और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh), पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया है।

वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राणा गुरमीत सोढ़ी, मनोरंजन कालिया और अमनजोत कौर रामूवालिया को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। बीजेपी ने हाल ही में कांग्रेस से आए जयवीर शेरगिल (Jaiveer Shergill) को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

इन्हें भी मिला स्थान

बीजेपी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष रहे मदन कौशिक (Madan Kaushik), पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय (Vishnudev Sai) और बीजेपी की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन कालिया (Manoranjan Kalia) को राष्ट्रीय कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसी कड़ी में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए जयवीर शेरगिल को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

क्या केंद्र जाएंगे स्वतंत्र देव?

आपको बता दें, स्वतंत्र देव सिंह 3 वर्षों तक यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे। उन्हें 19 जुलाई 2019 को यह पद सौंपा गया था। स्वतंत्र देव बीजेपी के तीसरे प्रदेश अध्यक्ष रहे जिन्होंने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। यूपी में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र सबसे लंबे वक्त तक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे। दोनों इस पद पर छह-छह साल तक रहे थे। अब जब स्वतंत्र देव सिंह को बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है तो ये सवाल उठने लगा है कि क्या वो केंद्र में जाएंगे? क्या पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनके लिए कुछ और प्लान कर रहा है। 


बीजेपी की नजर 'मिशन 2024' पर

इस लिस्ट को देखकर साफ़ लग रहा है कि, बीजेपी 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अपने कदम बढ़ा चुकी है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ और जयवीर शेरगिल को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा (JP Nadda) की टीम में जगह दी गई है। कभी कांग्रेस प्रवक्ता रहे जयवीर शेरगिल को बीजेपी ने अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। दरअसल, बीजेपी पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस चुकी है। वो पंजाब से इन तीन प्रमुख चेहरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

Tags:    

Similar News