Tamilnadu Accident: कुन्नूर बस हादसे के शिकार लोगों को मिलेगा मुआवजा, 9 लोगों की गई थी जान

Tamilnadu Accident: हादसे के दौरान बस में करीब 60 यात्री सवार थे। बस खाई में गिरते ही तेज आवाज आई। जिसके बाद स्थानीय लोग फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े।

Update:2023-10-01 11:07 IST

Tamilnadu Road Accident (Photo: Social Media)

Tamilnadu Road Accident: तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के कुन्नूर में हुए बस हादसे के शिकार लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, इस हादसे में जख्मी लोगों को 50 हजार रूपये दिए जाएंगे। ये हादसा कल यानी शनिवार देर शाम हुआ था।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नीलगिरी जिले के कुन्नूर से तेनकासी जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान बस में करीब 60 यात्री सवार थे। बस खाई में गिरते ही तेज आवाज आई। जिसके बाद स्थानीय लोग फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े। लोकल लोगों ने हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस स्टेशन को दी। जिसके बाद पुलिस टीम फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्यकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय लोगों की भी मदद की। बस को काटकर अंदर फंसे लोगों को निकाला गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 35 से अधिक जख्मी हुए हैं।

मृतकों में अधिकांश महिलाएं

कोयंबटूर रेंज के डीआईजी सरवण सुंदर ने हादसे में अब तक 9 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। जिसमें पांच महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। मृतकों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिनाख्त के बाद सभी शवों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल सभी को पोस्टमार्टम के लिए कोयंबटूर अस्पताल में भेजा गया है। वहीं, बस हादसे में जख्मी लोगों को कोयंबटूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामूली रूप से चोटिल लोगों को मरहम पट्टी कर रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। 

पीएम मोदी ने भी की मुआवजे की घोषणा

कुन्नूर बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक प्रकट किया है। उन्होंने हादसे में हताहत हुए लोगों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के कुन्नूर के पास एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राहत कोष) से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं घायलों को 50,000 रूपये दिए जाएंगे।


Tags:    

Similar News