Weather Today Update: गुजरात और महाराष्ट्र में आज भी आफत बनेगी बारिश, यूपी के भी कई इलाकों में बरसेंगे बादल

Weather Today Update 24 July 2023:मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

Update: 2023-07-24 04:37 GMT
Weather Today (photo: social media )

Weather Today Update 24 july 2023: देश के कई इलाकों में इन दिनों भारी बारिश का दौर दिख रहा है तो कुछ इलाकों में मानसून की सक्रियता कम दिख रही है। गुजरात और महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण व गोवा और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इन सभी राज्यों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। उत्तर पश्चिम भारत में मंगलवार से तेज बारिश होने की आशंका है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मराठवाड़ा और गुजरात में कई जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

यूपी में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वैसे शुरुआत में तेजी के बाद मौजूदा समय में प्रदेश में मानसून कमजोर दिख रहा है मगर इसके 25 जुलाई से फिर जोर पकड़ने का अनुमान लगाया गया है। आईएमडी के मुताबिक 25 और 26 जुलाई को प्रदेश के तमाम जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश के तमाम जिलों में गंगा और यमुना का जलस्तर काफी बढ़ चुका है। प्रदेश के 13 जिलों के सैकड़ों गांव गंगा,यमुना और शारदा समेत कई नदियों के उफान के कारण बाढ़ से प्रभावित हैं।

दिल्ली में उमस भरी गर्मी करेगी बेहाल

राजधानी दिल्ली के आसमान में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों की अपेक्षा रविवार को कम बारिश देखने को मिली मगर इन दोनों राज्यों में आज फिर भारी बारिश से लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

दोनों राज्यों में भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों के सामने बड़ी दिक्कत पैदा कर दी है। भारी बारिश के बाद हिमाचल प्रदेश की 700 सड़कें बंद होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान सौराष्ट्र, कच्छ तथा दक्षिणी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिणी मध्य प्रदेश, कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News