Weather Today: उत्तर प्रदेश पर मानसून मेहरबान, पूर्वी इलाके में आज भी भारी बारिश की आशंका

Weather Today: बिहार में भी व्यापक तौर पर बारिश होने का अनुमान है मगर उत्तरी बिहार के जिलों में बारिश का ज्यादा असर दिखेगा।;

Update:2022-09-18 08:42 IST

बारिश का अलर्ट (फोटो- न्यूजट्रैक)

Weather Today 18 September 2022: देश के कई राज्यों में मानसून के लिए अनुकूल सिस्टम का असर दिख रहा है। देश के कई राज्यों में आज भी मानसून मेहरबान रहेगा। उत्तर प्रदेश और बिहार में व्यापक तौर पर बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम के जानकारों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। बिहार में भी व्यापक तौर पर बारिश होने का अनुमान है मगर उत्तरी बिहार के जिलों में बारिश का ज्यादा असर दिखेगा।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस बीच उत्तराखंड में बदरीनाथ की पहाड़ियों पर मौसम का पहला हिमपात होने के बाद ठंड बढ़ गई है। राज्य के कई इलाकों में आज भी व्यापक तौर पर बारिश हो सकती है।

कई राज्यों में दिखेगा बारिश का असर

अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के उत्तरी हिस्सों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार के शेष हिस्सों, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़,ओडिशा के कुछ हिस्सों, कोंकण व गोवा,उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, विदर्भ, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है।

यूपी में हो सकती है भारी बारिश

उत्तर प्रदेश में बारिश का कहर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हाल के दिनों में मूसलाधार बारिश हुई है। पिछले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश ने तबाही मचाई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज जहां एक ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होगी वहीं प्रदेश के शेष हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान काफी तेज गति से हवाएं भी चल सकती हैं। कृषि के जानकारों के मुताबिक मौजूदा समय में हो रही बारिश खेती-बारी के लिए फायदेमंद साबित होगी।

बिहार और झारखंड का मौसम

अनुकूल सिस्टम बनने के कारण बिहार पर मानसून इन दिनों मेहरबान दिख रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के लिए जरूरी ट्रफ लाइन में बिहार पर मेहरबान है। इस कारण अगले कई दिनों तक राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इस दौरान राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। उत्तरी और दक्षिणी दोनों इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है मगर उत्तरी बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का असर झारखंड में दिखाई देगा। रांची के मौसम विज्ञान केंद्र का मानना है कि आज राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात भी हो सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य में व्यापक वर्षा हुई है और इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश होने की खबर है।

बदरीनाथ में मौसम का पहला हिमपात

उत्तराखंड के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आज विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच बदरीनाथ की पहाड़ियों पर मौसम का पहला हिमपात हुआ है। लगातार बारिश और हिमपात के कारण इलाके में ठंड बढ़ने लगी है।

उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी आज व्यापक तौर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बीच राजस्थान में मानसून की गतिविधियां पहले से कमजोर पड़ी हैं। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले तीन दिनों में राजस्थान में छिटपुट बारिश होने की ही संभावना है। वैसे राज्य में इस बार मानसून काफी मेहरबान रहा है।

दिल्ली में भी बारिश की संभावना

दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शनिवार को बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से आज भी राजधानी के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण मौसम बदलने से दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में जोरदार बारिश हुई है और बारिश का यह क्रम अभी जारी रहेगा। हालांकि राज्य में भारी बारिश होने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दो-तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

Tags:    

Similar News