Weather Today: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, दक्षिण के राज्यों में बारिश ने किया बेहाल

Weather Today: जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन तीनों प्रदेशों के कुछ इलाकों में आज भी बर्फबारी की आशंका है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-12-03 03:59 GMT

उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, दक्षिण के राज्यों में बारिश ने किया बेहाल: Photo- Social Media

Weather Today: पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी (snowfall) के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी (cold and fog in North India) ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन तीनों प्रदेशों के कुछ इलाकों में आज भी बर्फबारी की आशंका है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहरी का प्रकोप दिखने लगा है। पहाड़ी राज्यों में कई स्थानों पर पारा शून्य से नीचे जा चुका है। मैदानी इलाकों में ठंड के साथ ही कोहरे का भी असर दिख रहा है।

उधर, दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश ने लोगों को बेहाल कर रखा है। केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में आज भी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भी हल्की बारिश होने की आशंका जताई गई है।

कई दिनों तक बारिश बनेगी मुसीबत

मौसम विभाग की ओर से दक्षिण अंडमान सागर में 4 दिसंबर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण उभरने की आशंका जताई गई है। इसके परिणामस्वरूप दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हुए दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। बाद में इसके पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर इसके 8 दिसंबर को पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अभी कई दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा। इस दौरान इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 4 और 5 दिसंबर को मौसम काफी खराब रहेगा। इस दौरान इस इलाके में तूफानी गति से हवाएं चलने की आशंका है और उसके साथ ही भारी बारिश भी हो सकती है। इसी कारण मछुआरों को हिदायत दी गई है कि इन दोनों दिनों के दौरान समुद्री तटों की ओर न जाएं।

तीन दिनों तक कोहरे की आशंका

मौसम का तेवर बदलने के साथ अब कोहरा भी लोगों को परेशान करने लगा है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वैसे राहत की बात यह है कि अगले तीन-चार दिनों तक उत्तरी भारत के विभिन्न इलाकों के न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट आने की आशंका नहीं है।

महाराष्ट्र में अगले दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उधर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान कर रखा है। इन तीनों प्रदेशों के कुछ इलाकों में पारा शून्य से भी नीचे चला गया है।

राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप

इस बीच पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट के कारण कई स्थानों पर कोहरे की चादर दिख रही है। खेतों में फसलों पर ओस की बूंद भी दिखने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

सीकर में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि चुरू में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो-तीन दिनों के दौरान राजस्थान में ठंड और बढ़ने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली का एक्यूआई सुधरने की उम्मीद नहीं

स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। केरल और आंतरिक तमिलनाडु में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के साथ ही जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होने की उम्मीद नहीं है। मुंबई पुणे और अहमदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी खराब बना रहेगा।

Tags:    

Similar News