WFI President: संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती महासंघ के नए अध्यक्ष, बीजेपी MP बृजभूषण सिंह के हैं करीबी

New WFI President: भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद के चुनाव में संजय सिंह की जीत हुई। उन्होंने अनीता श्योराण को शिकस्त दी।

Report :  aman
Update: 2023-12-21 10:19 GMT

बीजेपी MP बृजभूषण सिंह और संजय सिंह (Social Media) 

WFI Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) के करीबी संजय सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। संजय सिंह का मुकाबला राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण (Anita Sheoran) से था। बता दें, अनीता को प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन हासिल था।

बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष बने थे। वर्ष 2009 में यूपी कुश्ती संघ के गठन होने पर बृजभूषण शरण सिंह प्रदेश अध्यक्ष और संजय सिंह उपाध्यक्ष बने थे।

जीत पर ये बोले संजय सिंह?

भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव में जीत के बाद संजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, 'अब राष्ट्रीय शिविर (कुश्ती के लिए) आयोजित किए जाएंगे। जिन पहलवानों को राजनीति करनी है वे राजनीति कर सकते हैं। जो कुश्ती करना चाहते हैं, वे कुश्ती कर सकेंगे।'

अनीता को आंदोलनकारी पहलवानों का समर्थन

गौरतलब है कि, इसी साल की शुरुआत में भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ देश के कई नामी पहलवानों ने आंदोलन शुरू किया था। उन्हें भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी। इन पहलवानों में बजरंग पूनिया (Bajrang Punia), विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और साक्षी मलिक (Sakshi Malik) शामिल थीं। इन पहलवानों के आरोप थे कि बृजभूषण ने महिला खिलाड़ियों का यौन शोषण किया है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी अनीता श्योराण (Anita Sheoran) को हराया है। अनीता को बृजभूषण के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले पहलवानों का समर्थन हासिल था।

'हमारे पूरे पैनल ने जीत दर्ज की'

वहीं, बृजभूषण सिंह के दामाद विशाल सिंह ने परिणाम आने के बाद कहा कि, 'हमारे पूरे पैनल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने ये भी कहा, कि ''हमारे सभी पैनल की जीत हुई है। सभी बहुमत से जीते हैं। गिनती जारी है। अधिकारिक नंबर जल्द ही आ जाएंगे। विशाल बोले, बीते कुछ दिनों में कुश्ती को नुकसान हुआ है। हमारे खिलाड़ी अच्छे प्रदर्शन कर सकते थे, लेकिन जो कुछ भी पिछले दिनों हुआ उसका नुकसान हुआ है।'

बृजभूषण के खिलाफ किया था प्रदर्शन

WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह (Former WFI President Brijbhushan Singh) पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न (sexual harassment) का आरोप लगाया था। इसे लेकर काफी विवाद हुआ था। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश फोगाट सहित कई शीर्ष रेसलर ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) से भी प्रदर्शनकारी खिलाड़ी मिले थे। जिसके बाद मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर की थी।  

Tags:    

Similar News