संसद में आर्थिक सर्वे पेश: GDP ग्रोथ 7 से 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान

Update: 2018-01-29 07:51 GMT
संसद में आर्थिक सर्वे पेश: GDP ग्रोथ 7 से 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान

नई दिल्ली: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार (29 जनवरी) को लोकसभा में आर्थिक सर्वे पेश किया। इसमें वित्त वर्ष 2018-2019 में जीडीपी ग्रोथ 7 से 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है। आर्थिक सर्वे में यह भी संकेत है, कि सरकार इस बजट में रोजगार सृजन, ग्रामीण, कृषि सेक्टर, शिक्षा पर ज्यादा ध्यान देगी।

आर्थिक सर्वे में कहा गया है, कि सरकार ने बीते साल सुधार के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिससे जीडीपी ग्रोथ बढ़कर 7 से 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। जारी वित्त वर्ष में जीडीपी ग्रोथ 6.75 रहने का अनुमान पेश किया गया था। इस आर्थिक सर्वे में अगले साल बेहतर अर्थव्यवस्था का अनुमान पेश किया गया है।

इंडस्ट्री ग्रोथ 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान

आर्थिक सर्वे में इंडस्ट्री ग्रोथ 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है, जबकि कृषि सेक्टर में ग्रोथ 2.1 फीसदी रहने का अनुमान है। सर्विस सेक्टर में ग्रोथ 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान पेश किया गया है। सरकार ने सर्वे में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चिंता जाहिर की है। वित्तीय वर्ष 2018.19 में कच्चे तेल की कीमतों में 12 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का अनुमान लगाया है, जिससे अन्य क्षेत्र में भी विकास की दर प्रभावित हो सकती है।

नौकरी, शिक्षा, कृषि पर ज्यादा फोकस

इस सर्वे में नौकरी, शिक्षा और एग्रीकल्‍चर पर ज्यादा फोकस किया गया है। इकोनॉमिक सर्वे में सुझाव दिया गया है कि मध्‍यम अवधि में नौकरी, शिक्षा और कृषि पर खास तौर पर फोकस करने की जरूरत है। इकोनॉमी में मौजूदा समय की चुनौतियों का समाधान करने के लिए ऐसा करना जरूरी है।

Tags:    

Similar News