PEW RESEARCH CENTER का सर्वेः 81 फीसदी लोगों में लोकप्रिय हैं पीएम मोदी

Update: 2016-09-20 00:24 GMT

नई दिल्लीः एक ताजा सर्वे में पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ ऊपर की ओर है। ये सर्वे 'पीईडब्लू रिसर्च सेंटर' ने किया है। सर्वे के मुताबिक 81 फीसदी लोगों में मोदी लोकप्रिय हैं। हालांकि, 2015 में उनकी लोकप्रियता 87 फीसदी थी। सर्वे ये भी कहता है कि दो-तिहाई जनता भारत में मौजूदा माहौल, उसकी दशा और दिशा से संतुष्ट है।

मोदी पर और क्या कहता है सर्वे?

लोकप्रिय पीएम मोदी के नेतृत्व को आधी आबादी सराहती है। 56 फीसदी लोगों के मुताबिक मोदी ने जनता का ध्यान रखा है। जबकि 49 फीसदी लोगों का मानना है कि मोदी लोगों को साथ लाकर काम करने में भरोसा करते हैं। इसके अलावा 51 फीसदी लोगों ने सर्वे में राय रखी कि मोदी जो कहते हैं, उस पर बने रहते हैं। सर्वे के नतीजों के अनुसार हर 10 में से 8 लोगों को लगता है कि देश की अर्थव्यवस्था पहले से अच्छी है।

आतंकवाद पर क्या कहता है सर्वे?

सर्वे के नतीजों के मुताबिक 62 फीसदी भारतीयों का मानना है कि फौज की मदद से ही आतंकवाद का खात्मा हो सकता है। करीब 63 फीसदी लोग मानते हैं कि सेना के बजट में बढ़ोतरी किए जाने की जरूरत है। 52 फीसदी ने आतंकी संगठन आईएसआईएस को बड़ा खतरा माना है। सर्वे में 54 फीसदी लोगों ने सांप्रदायिकता को बड़ी समस्या बताया।

कांग्रेस के लिए निराशा, बीजेपी को भी झटका

सर्वे में कांग्रेस के लिए निराशा है। उसे भ्रष्टाचार से लड़ने में 35, बेरोजगारी मिटाने में 28 और गरीबों की मदद के लिए 27 अंक मिले हैं। वहीं, बीजेपी को भी रेटिंग कम मिली है। 2015 में 65 फीसदी लोगों ने बीजेपी को अच्छा बताया था। इस बार सिर्फ 53 फीसदी लोगों ने उसे बेहतर माना। हालांकि, पूर्वी बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिमी छत्तीसगढ़ में लोग उसके पक्ष में दिखे।

Tags:    

Similar News