Manipur Election 2022: मणिपुर के इस युवा प्रत्याशी की खूब हो रही चर्चा, शून्य संपत्ति होने के बावजूद मजबूती से लड़ रहा चुनाव

मणिपुर के सेंकमाई विधानसभा सीट से एनसीपी प्रत्याशी निंगथौजम पोपिलाल सिंह इन दिनों खूब सुर्खियों में हैं। 26 वर्षीय निंगथौजम पोपिलाल शून्य संपत्ति होने के बावजूद भी विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ रहे हैं।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Krishna
Update: 2022-02-21 13:52 GMT

 निंगथौजम पोपिलाल सिंह (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया) 

Manipur Election 2022 : पूर्वोतर राज्य मणिपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां चरम पर है। लंबे समय से उग्रवाद से प्रभावित रहा ये राज्य लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। इसबार सत्ताधारी बीजेपी (BJP) औऱ मुख्य विपक्षी कांग्रेस (Congress) की तरफ से कई हैवीवेट उम्मीदवार मैदान में हैं।

इसके अलावा भी कई दिग्गज चुनाव मैदान में है। इन भारी भरकम प्रत्याशियों के बीच एक ऐसा युवा प्रत्याशी भी है जिसकी खुब चर्चा हो रही है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सेंकमाई विधानसभा सीट (Senkamai Assembly seat) से अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे 26 वर्षीय निंगथौजम पोपिलाल सिंह (Ningthoujam Popilal Singh) इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।

संपत्ति के नाम पर जीरो फिर भी पॉपुलर

आमतौर पर माना जाता है कि चुनाव लड़ने के लिए अच्छे संसाधन की जरूरत होती है। हाल ही में यूपी के कन्नौज सदर से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस असीम अरूण (Aseem Arun) को जनता से चुनाव लडऩे के लिए चंदा मांगते हुए देखा गया था। मणिपुर में निंगथौजम पोपिलाल सिंह एक ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके पास संपत्ति के नाम पर कुछ भी नहीं है। फिर भी वो एनसीपी के टिकट पर सेंकमाई सुरक्षित सीट से चुनाव मैदान में हैं। गांव के बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर अपनी जीविका चलाने वाले पोपिलाल सिंह ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके पास कोई संपत्ति नहीं है। इसके साथ ही वो राज्य के सबसे युवा उम्मीदवार भी हैं।

पोपिलाल सिंह अपने पृष्ठभूमि को लेकर बताते हैं कि वो स्नातक हैं फिर भी बेरोजगार हैं। उनका कहना है कि उनके क्षेत्र के लोग पैसे के पीछे नहीं मांगते। मेरा सारा चुनाव अभियान उन्हीं के सहयोग के बदौलत चल रहा है। खास बात ये है कि उन्हें क्षेत्र में अच्छा समर्थन भी मिल रहा है। स्थानीय लोग खासकर युवा उनसे काफी प्रभावित हो रहे हैं। वो कहते हैं कि पोपिलाल सिंह हमेशा समुदाय के लिए काम करते आए हैं। वो जो कुछ भी करते हैं। युवाओं को प्रेरित करता है।

कांग्रेस से चाह रहे थे टिकट

दरअसल निंगथौजम पोपिलाल सिंह की पहली पसंद कांग्रेस थी। वो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल सका। जब उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लडने का फैसला किया। इस सीट पर उनके अलावा सात अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

बता दें कि मणिपुर के पहले चरण के 173 उम्मीदवारों में से 91 करोड़पति थे। मणिपुर में पहले चरण के लिए 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 38 सीटों पर मतदान होगा। जबकि शेष 22 सीटों पर दूसरे चरण में 5 मार्च को मतदान होगा। वहीं चुनाव परिणाम 10 मार्च को अन्य राज्यों के साथ आएंगे। 

Tags:    

Similar News