सपा MLC ने सिर पर रखा सिलेंडर, घोड़ागाड़ी पर बाइक, इसलिए हो रही चर्चा....

Update: 2018-09-10 11:25 GMT

बाराबंकी: आज पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी का मँहगाई और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदर्शन चल रहा है। जहाँ एक ओर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित दिखाई दे रहे हैं तो वहीं कार्यकर्ताओं में और उत्साह भरने के लिए समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य राजेश यादव राजू कुछ अलग मूड में नज़र आये। राजेश यादव ने एक घोड़ा गाड़ी पर मोटरसाइकिल रखकर और सिर पर रसोई गैस का सिलेंडर रखकर महिलाओं के साथ प्रदर्शन करते नज़र आये। एमएलसी महोदय का ये स्‍टाइल इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रदर्शन में उमड़ा जनसैलाब

बाराबंकी की सड़कों पर आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ा और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के तरह - तरह के तरीके अपनाये मगर बाज़ी मार ली समाजवादी पार्टी के एमएलसी राजेश यादव राजू ने। राजेश यादव ने प्रदर्शन का एक नया तरीका निकाला और एक घोड़ा गाड़ी पर मोटरसाइकिल लाद कर खुद अपने सिर पर रसोई गैस का सिलेंडर उठाये नज़र आये। राजेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी की महिलाएं थाली और बेलन लेकर प्रदर्शन करती नज़र आयी। कार्यकर्ता योगी - ढोंगी होश में आओ के नारे लगा रहे थे।

महंगाई और कानून व्‍यवस्‍था अहम मुद्दे

एमएलसी राजेश यादव राजू ने कहा कि आज प्रदेश की समाजवादी पार्टी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मँहगाई के मुद्दे पर आन्दोलन कर रही है। आज किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। उन्हें खाद और डीएपी की 50 किलो की बारी में 45 किलो दी जा रही है। यह किसानों के साथ धोखा है। आज रसोई गैस के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम आदमी का चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। डीजल - पेट्रोल के दाम इतना आसमान छू रहे हैं कि लोगों को मोटरसाइकिल तक खड़ी कर देनी पड़ रही है और डीजल के दाम बढ़ने से आम आदमी की जरूरतों के सामान भी महंगे हो गए हैं। इसी लिए आज समाजवादी पार्टी मँहगाई और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है।

Similar News