Tamil Nadu Local Body Election Results : DMK की बड़ी जीत, सभी 21 नगर निगमों पर कब्जा

तमिलनाडु के स्थानीय निकाय चुनाव में डीएमके (DMK) के नेतृत्व में यूपीए (UPA) ने बड़ी जीत हासिल करते हुए स्थानीय निकाय के सभी 21 नगर निगम सीटों पर कब्जा जमाया है।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Neel Mani Lal
Update: 2022-02-22 14:47 GMT

वोटिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नई दिल्ली। तमिलनाडु में द्रमुक (DMK) के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) ने शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में सभी 21 निगमों में जीत दर्ज की है। 2011 के स्थानीय निकाय चुनाव (Local Body elections) में, तत्कालीन सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक (AIADMK) ने सभी दस निगमों के मेयर पदों पर जीत हासिल की थी।

द्रमुक ने चेन्नई, कोयंबटूर, नागरकोइल, इरोड, तांबरम और कुछ अन्य निगमों में वार्ड सदस्यों के 50 प्रतिशत से अधिक पद जीतकर साधारण बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वैसे, मतगणना अभी भी पूरी नहीं हुई है। पिछली बार द्रमुक ने 2006 में चेन्नई कॉर्पोरेशन (Chennai Corporation) में मेयर पद संभाला था।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार सत्तारूढ़ द्रमुक और उसके सहयोगियों ने नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और निगमों में 75 प्रतिशत से अधिक वार्ड सदस्यों के पदों पर जीत हासिल कर ली है। विपक्षी अन्नाद्रमुक ने वार्ड सदस्य पदों के 20 फीसदी से भी कम पर जीत हासिल की है।

द्रमुक गठबंधन के 1097 वार्डों में से 21 निगमों में 890 सदस्य पद हैं। इसी तरह, 3760 में से 2609 (69 फीसदी) पार्षद पद द्रमुक गठबंधन ने हासिल कर लिए हैं। नगर पंचायतों के 7621 वार्ड सदस्यों में से 7603 के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें से 65 फीसदी (5009) द्रमुक सहयोगियों द्वारा हासिल कर लिए गए।

अकेले चुनाव लड़ने वाली भाजपा (BJP) ने नगर निगम में 16, नगर पालिकाओं में 56 और नगर पंचायतों में 230 वार्ड सदस्य पदों पर जीत हासिल की है। डीएमडीके ने नगर पालिकाओं में 12 और नगर पंचायतों में 23 वार्ड सदस्य पदों पर जीत हासिल की है।

अन्नाद्रमुक के लिए एक बड़ा झटका एडप्पादी नगरपालिका में लगा है जहां से पूर्व मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक के संयुक्त समन्वयक एडप्पादी के. पलानीस्वामी (Edappadi K. Palaniswami) आते हैं।

द्रमुक ने सेलम सिटी म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (Salem City Municipal Corporation) के वार्ड 23 पर भी जीत हासिल की, जहां पलानीस्वामी का आवास स्थित है। द्रमुक उम्मीदवार ए शिवकामी ने 3,694 वोट हासिल किए और अन्नाद्रमुक उम्मीदवार टी इंदिरा को 1,366 वोटों के अंतर से हराया। इंदिरा को सिर्फ 2,328 वोट मिले।

कुल मिलाकर, 21 निगमों, 138 नगर पालिकाओं और 489 नगर पंचायतों में 12601 वार्ड सदस्यों का चुनाव हो रहा है।

जीरो वोट का अजीबोगरीब मामला

पुदुक्कोट्टई के करंबकुडी टाउन पंचायत में अन्नाद्रमुक उम्मीदवार सहित तीन उम्मीदवारों को शून्य वोट मिला। हालाँकि तीनों के पास वोट था, फिर भी उन्होंने खुद अपने लिए वोट नहीं देने का फैसला किया। ऐसा मामला पहले कभी देखने को नहीं मिला है।

Tags:    

Similar News