Tamil Nadu : कांचीपुरम जिले के पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 झुलसे

Tamil Nadu Fire News : तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग झुलस गए हैं।

Update: 2023-03-22 16:18 GMT
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Tamil Nadu Fire News : दक्षिणी राज्य तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले (Kanchipuram District News) में बुधवार (22 मार्च) को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अग्निकांड में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 15 लोग झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पहुंच चुकी है। फिलहाल, आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। आग लगने की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है।

मीडिया में छपी ख़बरों के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री कांचीपुरम जिले से करीब 10 किलोमीटर दूर वझाथोत्तम (Vazhathottam) में है। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। उन्होंने कहा, 'पटाखा बनाने वाली इकाई के पास वैध लाइसेंस था।' दूसरी तरफ, अग्निशमन दस्ता के साथ कांचीपुरम जिला पुलिस और स्थानीय लोग राहत और बचाव कोशिशों में जुटे हैं। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया गया है। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अग्निकांड पर क्या बताया DM ने?

कांचीपुरम की जिलाधिकारी एम. आरती (Kanchipuram DM M Aarthi) ने अग्निकांड पर बताया कि, 'कांचीपुरम जिले के कुरुविमलाई गांव में पटाखों के एक गोदाम में विस्फोट की खबर मिली है। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल, गोदाम में आग कैसे लगी इसकी जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।'

कैसे लगी आग?

स्थानीय समाचार माध्यमों के अनुसार, कांचीपुरम के कुरुवी हिल्स में स्थित पटाखा फैक्ट्री में आग उस वक्त लगी जब दोपहर 12 बजे एक गोदाम के पास सुखाने के लिए पटाखों को रखा गया था। तभी अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह से पटाखे फूटने लगे। देखते ही देखते आग ने जल्द ही पूरे गोदाम को अपनी गिरफ्त में ले लिया। देखते ही देखते इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। दरअसल, गोदाम के पास काम कर रहे लोगों का एक समूह धमाके की चपेट में आ गया। जिससे कई मजदूर दूर जा गिरे। कइयों ने तो भागकर किसी तरह जान बचाई।

इलाके में हड़कंप

पटाखा फैक्ट्री में धमाका और आग की खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दमकल विभाग को सुचना दी गई। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने घंटे भर की मशक्कत के बाद कुछ हद तक आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Tags:    

Similar News