Agra News: नहीं रहीं इंडिया गॉट टैलेंट फाइनलिस्ट प्रियंका गुप्ता, सड़क हादसे में मौत
Agra News: आगरा की रहने वाली प्रियंका इवेंट कंपनी की निदेशक थी और इंडिया गॉट टैलेंट के फाइनलिस्ट ग्रुप क्रेजी हॉपर्स की सदस्य रही थी।;
Agra News: रियलिटी शो इंडिया गोट टैलेंट की फाइनलिस्ट प्रियंका गुप्ता की भरतपुर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रियंका गुप्ता अपने सहकर्मी शांतनु के साथ रणथंभौर से आ रही थी। इसी दौरान भरतपुर हलेना टोल प्लाजा के नजदीक पीछे से आ रहे ट्रॉला ने उनकी कार को रौंद दिया। मौके पर पहुंचे टोल कर्मियों ने जब तक प्रियंका और शांतनु को कार से बाहर निकाला। दोनों की मौत हो चुकी थी।
जानकारी मिलते ही प्रियंका के परिजन भरतपुर पहुंच गए। आगरा की रहने वाली प्रियंका इवेंट कंपनी की निदेशक थी और इंडिया गॉट टैलेंट के फाइनलिस्ट ग्रुप क्रेजी हॉपर्स की सदस्य रही थी। नाई की मंडी नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी निवासी प्रियंका गुप्ता के पिता कुलभूषण गुप्ता शहर के प्रतिष्ठित चांदी कारोबारी हैं। प्रियंका ने 22 साल की उम्र में ही शहर का नाम रोशन किया और कई सफल कार्यक्रमों का आयोजन भी किया।
बताया जा रहा है कि प्रियंका एक इवेंट के सिलसिले में 2 दिन पहले रणथंबोर गई थी। काम पूरा करने के बाद रणथंभौर से सहकर्मी शांतनु के साथ वापस घर आगरा लौट रही थी। इस दौरान बीच रास्ते में हादसा हो गया और शहर का उभरता हुआ सितारा प्रियंका गुप्ता हमेशा के लिए अस्त हो गयीं।
कला कौशल से अपनी अलग पहचान बनाई
22 साल की उम्र में प्रियंका ने अपने कला कौशल से अपनी अलग पहचान बना ली थी। सोनी टीवी के कार्यक्रम इंडिया गोट टैलेंट से प्रियंका गुप्ता को बड़ी पहचान मिली थी। प्रियंका गुप्ता शहर में मशहूर इवेंट प्लानर और कोरियोग्राफर के रूप में काम को आगे बढ़ा रही थी।
30 अक्टूबर को मिला था शिवहरे प्रतिभा सम्मान
बहुमुखी प्रतिभा की धनी प्रियंका गुप्ता को 30 अक्टूबर को सम्मानित किया गया था। शिवहरे समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रियंका गुप्ता को से शिवहरे प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया था। किसी ने सोचा भी ना था कि चमकने वाला सितारा अचानक से यू अस्त हो जाएगा।