UP Politics: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले लोकतंत्र खतरे में

UP Politics: सपा प्रमुख ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ गयी है। किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। डीजल, पेट्रोल से लेकर खाने पीने की चीजें और दवाओं के दाम बढ़ गये हैं। किसानों और आम जनता को लूटा जा रहा है। किसानों का गेहूं अब निजी कम्पनियां खरीद रही है।

Update: 2023-04-13 21:18 GMT
Akhilesh Yadav (Photo-Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार संविधान में दिए गए जनता के अधिकारों को छीन रही है। भाजपा निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में बेच रही है। जब सब कुछ निजी हाथों में चला जाएगा तो बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी द्वारा संविधान में दिया गया हक, सम्मान और आरक्षण कैसे मिलेगा? मंडल कमीशन के अनुसार नौकरियां कैसे मिलेंगी? जब तक भाजपा सरकार सत्ता में है। बाबा साहब का संविधान सुरक्षित नहीं है।

महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ गयी-अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ गयी है। किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। डीजल, पेट्रोल से लेकर खाने पीने की चीजें और दवाओं के दाम बढ़ गये हैं। किसानों और आम जनता को लूटा जा रहा है। किसानों का गेहूं अब निजी कम्पनियां खरीद रही है। ये कम्पनियां किसानों से गेंहू सस्ते में खरीद कर जनता को महंगा आटा बेचेंगी। मुनाफा निजी कम्पनियों को हो रहा है, इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

एनकाउन्टर का भी मुद्दा उठाया

भाजपा सरकार समाज को बांट रही है। असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी एनकाउन्टर कर रही है। अपनी कुर्सी, पद बचाने के लिए भाजपा सरकार में अधिकारियों ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया हैं। अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी मिट्टी में मिलाने की बात करते हैं। क्या बलिया में नौजवान छात्र की पीट-पीट कर हत्या करने वाले अपने स्वजातीय अपराधियों को भी मिट्टी में मिलाएंगे? क्या कानपुर देहात में मां-बेटी को जलाने वाले आरोपियों को मिट्टी में मिलाएंगे?

मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी का मजबूत संगठन है। समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में पूरी ताकत से विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।

Tags:    

Similar News