UP Nikay Chunav Result:गौरीगंज सीट से बीजेपी की रश्मि सिंह चल रहीं आगे, थाने में सपा विधायक ने पति की कर दी थी पिटाई

UP Nikay Chunav Result 2023:ये सीट इसलिए चर्चा में है क्योंकि मतगणना से दो दिन पहले गौरीगंज थाने में पुलिस की मौजूदगी में भाजपा नेता दीपक सिंह की स्थानीय सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने धुनाई कर दी थी।

Update:2023-05-13 21:23 IST
गौरीगंज सीट से बीजेपी की रश्मि सिंह (फोटो: सोशल मीडिया )

UP Nikay Chunav Result 2023: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही अधिकांश सीटों पर बढ़त बनाते हुए है। शाम तक अगर यही ट्रेंड रहा तो पार्टी एक बड़ी जीत हासिल कर सकती है। अमेठी की गौरीगंज नगर पालिका अध्यक्ष से कौन जीतने जा रहा है, इस पर सभी की निगाहें हैं। दरअसल, ये सीट इसलिए चर्चा में है क्योंकि मतगणना से दो दिन पहले गौरीगंज थाने में पुलिस की मौजूदगी में भाजपा नेता दीपक सिंह की स्थानीय सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने धुनाई कर दी थी।

दीपक सिंह की पत्नी रश्मि सिंह गौरीगंज नगर पालिका अध्यक्ष पद की बीजेपी उम्मीदवार हैं। अब तक रूझान में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदियों पर बढ़त बना रखी है। निर्वाचन आयोग से मिले ताजा अपडेट के मुताबिक, 1270 वोटों से आगे चल रही हैं। उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। सिंह की निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की तारा देवी पीछे चल रही हैं।

पिटाई का वीडियो हुआ था वायरल ?

योगी सरकार में किसी थाने में सत्तारूढ बीजेपी के एक नेता का विपक्षी सपा के विधायक द्वारा पिटाई किए जाने का वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ था। वीडियो में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ बीजेपी नेता दीपक सिंह की पिटाई करते हुए दिख रहे थे। इसे लेकर दीपक सिंह विधायक सहित 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

बीजेपी ने मेयर की 6 सीटें जीतीं, 11 पर चल रही आगे

भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भले करारी शिकस्त का मुंह देखना पड़ा हो लेकिन देश के सबसे बड़े सियासी सूबे में उसने कमाल कर दिया। यूपी में कुल 17 नगर निगम हैं, जिनमें से 6 पर बीजेपी जीत दर्ज कर चुकी है। इनमें गोरखपुर, अयोध्या, झांसी, मुरादाबाद, बरेली और सहारनपुर शामिल है। इसके अलावा शेष 11 सीटों पर आगे चल रही है। इस हिसाब से देखें तो नगर निगम में सपा – बसपा का सूफड़ा साफ हो गया है।

नगर पालिका की 199 सीटों में भी बीजेपी 87 पर आगे चल रही है। वहीं समाजवादी पार्टी 34 और बीएसपी 25 पर आगे चल रही है। बात करें नगर पंचायत की कुल 544 सीटों की तो यहां बीजेपी 204, सपा 171, बसपा 51 और कांग्रेस 44 सीटों पर आगे चल रही है।

बता दें कि 4 मई और 11 मई को दो चरणों में यूपी की 760 नगर निकायों में वोटिंग हुई थी। जिसके नतीजे शऩिवार को आ रहे हैं।

Tags:    

Similar News