Sonbhadra News: तीरंदाजी में धर्नुधरों का दिखा जौहर, रंगारंग कार्यक्रमों के बीच प्रतियोगिता का शुभारंभ
Sonbhadra News: जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के क्षेत्रीय कार्यालय बहुआर परिसर में लखनऊ संभाग की तरफ से आयोजित दो दिवसीय तीरंदाजी समागम का शुभारंभ किया गया।;
Sonbhadra News: जवाहर नवोदय विद्यालय (Jawahar Navoday Vidyalay) समिति के क्षेत्रीय कार्यालय बहुआर परिसर में शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रमों के बीच, लखनऊ संभाग की तरफ से आयोजित दो दिवसीय तीरंदाजी (Archery) समागम का शुभारंभ किया गया। छह जिलों की टीमों ने भाग लेकर, लक्ष्य पर निशान साधा। कई बच्चों ने सधे धनुर्धर के रूप में एक के बाद एक कई निशाना साधकर, मौजूद लोगों को एकबारगी अचरज में डाल दिया।
बतौर मुख्य अतिथि डीएम चंद्र विजय सिंह ने तीर-धनुष से निशाना साधकर प्रतियोगिता की शुरूआत कराई। कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और खेल के प्रति भी बच्चों की प्रतिभा निखारने की जरूरत है। शिक्षा के साथ स्वस्थ शरीर भी होना जरूरी है। इसके लिए बच्चों को उनके स्वास्थ्य को लेकर भी जागरूक करते रहने की जरूरत है। इससे पूर्व डीएम को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्हें बैच लगाने के साथ ही अंगवस्त्रम् और स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
योगाभ्यास का भी प्रदर्शन किया
आयोजन में छह जिलों में स्थापित नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई। जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। योगाभ्यास का भी प्रदर्शन किया। नवोदय विद्यालय बहुआर के प्रधानाचार्य एसपी सिंह, मिर्जापुर स्थित नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य एसपी त्रिपाठी, राहुल सिंह, पीएस यादव सहित अन्य की मौजूदगी बनी रही।
हास्टल, भोजनालय, किचन, किचन गार्डेन का जाना हाल
डीएम चंद्र विजय सिंह ने जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर का औचक निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं के भोजनालय, हास्टल, किचन, किचन गार्डेन आदि का हाल जाना। भोजन की गुणवत्ता और मीनू के संबंध में प्रधानाचार्य से जानकारी प्राप्त की। छात्रा-छात्राओं से भी वार्ता कर जरूरी जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।