पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार: अखिलेश यादव ने कहा- पुलिस ही पुलिस के खिलाफ काम करने पर मजबूर

Lucknow News: पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा सरकार के दबाव के कारण पुलिस ही पुलिस के खिलाफ काम करने पर मजबूर है।

Report :  Shashwat Mishra
Published By :  Deepak Kumar
Update:2021-08-27 17:44 IST

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को ले जाते पुलिस।(फोटो- न्यूजट्रैक)

लखनऊ: पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार की सुबह पूर्व आईपीएस को पहले उनके गोमती नगर स्थित आवास पर नजरबंद किया गया था, जिसके बाद शाम को उन्हें हजरतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि अमिताभ ठाकुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने व आपराधिक साजिश रचने के गम्भीर आरोप हैं। उन पर 120बी, 167, 195ए,218, 306, 504, 506 आईपीसी की धाराओं के तहत हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अब इस मामले में सियासत शुरू हो गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि सेनानिवृत आईपीएस के साथ ऐसा व्यवहार अक्षम्य है।

पुलिस ही पुलिस के खिलाफ काम करने पर मजबूर

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भूतपूर्व पुलिस के विरुद्ध भाजपा सरकार की पुलिस का अभूतपूर्व कार्य। उन्होंने कहा कि भाजपाई राजनीति लोगों के बीच दरार पैदा करके ही जिंदा है। अब भाजपा सरकार के दबाव के कारण पुलिस ही पुलिस के खिलाफ काम करने पर मजबूर है। एक सेनानिवृत आईपीएस के साथ ऐसा व्यवहार अक्षम्य है।

सपा नेताओं ने भी मामले को उठाया

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आईपी सिंह ने अमिताभ ठाकुर मामले में कहा कि उत्तर प्रदेश में आपातकाल है। उन्होंने कहा कि आईपीएस अमिताभ ठाकुर आईजी स्तर के बेहद ईमानदार अफसर हैं, उन्हें जबरिया रिटायर किया गया। आज उनके साथ बर्बरता पूर्वक व्यवहार करते हुए मनगढ़ंत केस लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। योगी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा मात्र का परिणाम है।

वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने भाजपा को कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है। भाजपा किस तरीके से अमिताभ ठाकुर को बिना किसी कारण बताए घर से उठा रही है, हैवानियत की हद्द है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि अमिताभ ठाकुर को हजरतगंज पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया है। उनकी यह गिरफ्तारी सुप्रीम कोर्ट के बाहर आत्मदाह करने वाली रेप पीड़िता के मामले में की गई है। अमिताभ ठाकुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने व आपराधिक साजिश रचने के गम्भीर आरोप हैं। उन पर 120बी, 167, 195A, 218, 306, 504, 506 आईपीसी की धाराओं के तहत हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जांच समिति की अंतरिम रिपोर्ट के बाद अमिताभ ठाकुर के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में अब सांसद अतुल रॉय के बाद अमिताभ ठाकुर दूसरे आरोपी बनाए गए हैं। इस प्रकरण पर रेप पीड़िता ने काफी गम्भीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता प्रिया रॉय द्वारा 10/11/2020 को एक प्रार्थना पत्र एसएसपी वाराणसी को दिया गया था कि अमिताभ ठाकुर द्वारा अभियुक्त अतुल रॉय से पैसा लेकर माननीय न्यायालय के लिए झूठे साक्ष्य गढ़े जा रहे हैं और पीड़िता की छवि धूमिल करके उसे आत्मदाह के लिए उसे उकसाया जा रहा है। 

Tags:    

Similar News