Priyanka Gandhi Arrested: पुलिस ने प्रियंका गांधी को किया गिरफ्तार, PAC गेस्ट हाउस अस्थायी जेल बना, देशभर में विरोध प्रदर्शन

लखीमपुर जाने की जिद पर अड़ी प्रियंका गांधी को किया गया गिरफ्तार

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-10-05 11:17 GMT

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को किया गया गिरफ्तार (फोटो-न्यूजट्रैक)

Priyanka Gandhi Arrested: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) लखीमपुर जाने की अपनी जिद पर अड़ी हुई हैं। रविवार रात सीतापुर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। लेकिन 4 अक्टूबर की सुबह 4.30 बजे उनकी गिरफ्तारी हो गई। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi), दीपेंदर हुड्डा (Deepender Hooda) और अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) सहित 11 लोगों खिलाफ धारा 151, 107 के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को जिस पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया है उसे अब अस्थायी जेल बना दिया गया है।

बता दें रविवार को लखीमपुर खीरी में हिंसा भड़की थी। उसी रात प्रियंका लखनऊ पहुंच गई थीं। रात को ही प्रियंका लखीमपुर के लिए रवाना हो गई थीं। सोमवार तड़के उन्हें हरगांव में पुलिस ने उन्हें रोक लिया था। लेकिन अब उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पीएसी के गेस्ट हाउस को बनाया गया अस्थायी जेल

प्रियंका गांधी को रविवार देर रात से सीतापुर के पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया है। वहां कार्यकर्ताओं और नेताओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पीएसी गेस्ट हाउस को अस्थाई जेल बना दिया है। वहीं प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर में कांग्रेस के नेता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस समर्थक का जमावड़ा बढ़ता ही जा रहा है।


प्रियंका गांधी ने शेयर किया वीडियो

सीतापुर के पीएसी गेस्ट हाउस में 2 दिन से बंद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री को वह वीडियो भी दिखाया है। जिसमें महिंद्रा थार गाड़ी से किसानों को रौंदा जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा है कि किसानों को कुचलने वाले मंत्री के बेटे और मंत्री पर कब कार्रवाई होगी?

एयरपोर्ट पर धरने पर बैठे सीएम भूपेश बघेल

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रियंका गांधी से मिलने जा रहे थे तभी उन्हें लखनऊ एयरपोर्ट पर ही पुलिस अधिकारियों ने रोक लिया। इसके बाद भूपेश बघेल ने वहीं फर्श पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। सीएम बघेल ने कहा कि वे सीतापुर जा कर प्रियंका गांधी से मिलने के लिए आए हैं। लेकिन उन्हें लखनऊ एयरपोर्ट से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा। भूपेश बघेल को अधिकारियों धारा 144 का हवाला दिया तो उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री यहां आकर कैसे कार्यक्रम कर रहे हैं।


 

Tags:    

Similar News