Balrampur News: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर कांग्रेसियों ने बांटी मिठाई, मनाया जश्न

Balrampur News: कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष अनूज सिंह ने कहा कि सच्चाई परेशान तो हो सकती है, लेकिन जीत हमेशा सत्य की होती है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला यह साबित करता है कि राहुल गांधी के मामले में निचली अदालत द्वारा दिया गया फैसला सही नहीं था।

Update: 2023-08-05 14:47 GMT
(Pic: Newstrack)

Balrampur News: मोदी सरनेम पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि के मामले में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद बलरामपुर में कांग्रेसियों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान मिठाई खिलाकर और बांटकर एक दूसरे को बधाई दी। कांग्रेसियों ने इसे असत्य पर सत्य की जीत बताया। कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष अनूज सिंह ने कहा कि सच्चाई परेशान तो हो सकती है, लेकिन जीत हमेशा सत्य की होती है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला यह साबित करता है कि राहुल गांधी के मामले में निचली अदालत द्वारा दिया गया फैसला सही नहीं था।

पूर्व विधायक व कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज एक बार फिर एहसास दिला दिया कि देश सर्वोपरि है और जनता को इंसाफ मिलेगा। साथ ही आज सत्य लोकतंत्र और कानून का मान रखा गया है एक विश्वास को कायम हुआ है कि तानाशाह सरकार कितने भी जुल्म कर ले प्रताड़ना दे दे लेकिन सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति यदि अडिग है तो उसकी उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है और यही हुआ है नफरत का बाजार बंद करके मोहब्बत की दुकान खोलने वाले युवा हृदय सम्राट राहुल गांधी के साथ उनके बढ़ते जनाधार से घबराई भारतीय जनता पार्टी ने अपने ओछे हथकंडे अपनाने में कोर कसर नहीं छोड़ी लेकिन महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने वाले राहुल गांधी डरे नहीं और ना डरेंगे।

पूर्व विधायक मंगल सिंह ने कहा कि देश में फैली अराजकता, बेरोजगारी, महंगाई, महिला उत्पीड़न और देश की समस्याओं की आवाज को राहुल गांधी हमेशा उठाते रहे हैं। यही वजह है कि एक साजिश के तहत उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई। किन्तु उच्च न्यायालय ने यह साबित कर दिया है कि सच की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, जीत हमेशा सच्चाई की होती है। कहा कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ होते ही खुशी का वातावरण है जिन लोगों को लोकतंत्र में विश्वास है वह हर्ष के साथ निर्णय का स्वागत कर रहे हैं और जो लोग राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराए हुए हैं उनको यह निर्णय नागवार गुजरा है।

अमेठी की जनता हो या वायनाड की दोनों लोकसभा सीटों पर राहुल गांधी के वोटर बहुत खुश है। पूरे देश में खुशी की लहर है भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित हुए क्षेत्रों में जन-जन में एक विश्वास प्राप्त हो गया है। राहुल गांधी ने जो मोहब्बत की दुकान खोली है निश्चित ही 2024 में केंद्र में इंडिया का परचम लहराएगा। लोकतंत्र स्थापित होगा और जनता खुशहाल होगी। वर्तमान केंद्र सरकार 9 साल के अंदर जिस प्रकार से जनता का शोषण किया लोकतंत्र की आवाज को दबाने का काम किया जनता का विश्वास लोकतंत्र में जो कम होता चला जा रहा था आज उन्हें वह विश्वास कायम हो गया है और निश्चित ही राहुल गांधी के नेतृत्व में इस देश को नई दिशा की ओर जनता देख रही है। हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हुए उनके निर्णय का आभार व्यक्त करते हैं। जिन्होंने संविधान लोकतंत्र कानून के साथ सत्य को स्थापित करने के लिए बहुत अच्छा निर्णय लिया है।

कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव विनय मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में नफरत और हिंसा की राजनीति कर रही है। मणिपुर और हरियाणा की घटना इसका ज्वलंत उदाहरण है, राहुल गांधी इस नफरत की राजनीति को खत्म करने के लिए निकले हैं, जिसे भारतीय जनता पार्टी लगातार दबाने का प्रयास कर रही है, उसी का नतीजा था कि राहुल गांधी पर झूठे मुकदमे लगा कर यह कार्रवाई की गई। कहा कि जिस प्रकार से राहुल गांधी जी के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया और उनके सदस्य समाप्त करने के लिए जो षड्यंत्र रचा गया आज विरोधी खेमे में निश्चित ही मायूसी होगी क्योंकि उनके मंसूबों पर पानी फिर गया है। आज सत्यमेव जयते का नारा बुलंद हुआ है यही असत्य पर सत्य की विजय है। इस अवसर पर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष हारिस बिन खालिद, महिला सभा जिलाध्यक्ष आरिफा उत्साही, कुंवर अजीज खान, घनश्याम मिश्रा, डॉक्टर इश्तियाक अहमद, सुरेंद्र यादव, राजकुमार गुप्ता, शिव कुमार सोनी, अवधेश पाल सिंह, उत्तम मिश्रा व शाहिद हसन, रमेश,सोनू आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News