Barabanki News: ज्ञानवापी को लेकर बयान पर सपा विधायक का पलटवार, कही ये बड़ी बात

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज्ञानवापी मामले पर बयान देकर राजनीति गर्म कर दी है। उन्होंने ज्ञानवापी को ‘मस्जिद’ कहे जाने को लेकर आपत्ति जताई है।

Update: 2023-07-31 14:36 GMT

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज्ञानवापी मामले पर बयान देकर राजनीति गर्म कर दी है। उन्होंने ज्ञानवापी को ‘मस्जिद’ कहे जाने को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि अगर ज्ञानवापी को मस्जिद कहा जाएगा तो विवाद होगा। उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के विधायक फरीद महफूज किदवई ने पलटवार किया है।

‘अगर इन्हें सारी मस्जिदें भी दे दी जाएंगी, तब भी नहीं मानेंगे’

सपा विधायक ने कहा है कि 2024 का चुनाव आते-आते भाजपाई धर्म के नाम पर बयानबाजी और तेज करेंगे। इनकी जुबान और खराब होगी। अगर इन्हें सारी मस्जिदें भी दे दी जाएंगी। तब भी ये मानेंगे नहीं और यही कहेंगे कि अब यह भी दे दो। उन्होंने कहा है कि धर्म को लेकर इनकी बयानबाजियों का अब कोई फायदा नहीं। क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA जीतेगा और NDA हारेगी।

भाजपाइयों की जुबान मुसलमानों के लिए खराब

बाराबंकी जिले में रामनगर विधानसभा सीट से सपा विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा कि जैसे-जैसे 2024 का लोकसभा चुनाव पास आएगा। भाजपाइयों की जुबान मुसलमानों और दूसरे माइनॉरिटी के लिए और खराब होती चली जाएगी। क्योंकि इन लोगों को पता चल गया है कि आने वाले चुनाव में इन्हें कहीं से वोट नहीं मिलना है। भाजपाइयों का बेस वोट ही उनसे नाराज हो चुका है। ऐसे में भाजपा के पास अब केवल धर्म बचता है। भाजपाई अब सोच रहे हैं कि धर्म की ढोल बढ़ाते चले जाएंगे, तो शायद उससे इन लोगों को कुछ फायदा हो जाए। बीते 9 सालों में पब्लिक ने भाजपा को अच्छी तरह से आजमा लिया है। पब्लिक जान चुकी है कि भाजपा धर्म के नाम लेकर उनसे वोट लेते है और सरकार बनाती है। फिर देश के चुनिंदा पूंजी पतियों को ही बढ़ावा देती है।

एक बार फिर मंदिर-मस्जिद के नाम पर राजनीति शुरू

फरीद महफूज किदवई ने कहा कि आज हर चीज के दाम में आग लगी हुई है। देश की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। आज मणिपुर जल रहा है। फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इन सब बातों की कोई चिंता नहीं है। पीएम विश्व गुरु बनना चाहते हैं। ऐसे में देश में अब एक अजीब माहौल बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार पब्लिक पूरी तरह से मन बना चुकी है कि वह भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देगी और इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। यह माहौल देखकर ही भाजपा घबरा गई है और एक बार फिर मंदिर-मस्जिद के नाम पर राजनीति शुरू कर दी है। भाजपा को किसी भी कीमत पर वोट चाहिए। बाबरी मस्जिद से लेकर आज तक इन लोगों ने जितनी भी कार्रवाईयों को किया हैं, वह सिर्फ वोट के लिए ही की गई हैं। इसमें कई बार भाजपा कामयाब भी हुई है, लेकिन इस बार इन लोगों की दाल नहीं गलने वाली।

अयोध्या में राम मंदिर को लेकर भाजपा महिमामंडन करेगी

सपा विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए यह लोग अब धर्म को लेकर बयानबाजी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन कर तैयार होने वाला है। अब भाजपा वाले उस मंदिर को लेकर भी अपना महिमामंडन करेंगे। जबकि सच यह है कि सभी हिंदू धर्म के लोग मंदिर से आस्था रखते हैं। मुसलमान भी अयोध्या से आस्था रखते हैं। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी वोट के लिए राम मंदिर के मुद्दे को जमकर उठाएगी। लेकिन इससे भी लोगों को कोई फायदा नहीं मिलने वाला।

Tags:    

Similar News