Barabanki News: अयोध्या न जाने को लेकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सपा पर साधा निशाना, कहा- जनता इनको देगी किए की सजा

Barabanki News: डिप्टी सीएम ने कहा कि उनका चाल-चरित्र और चेहरा पूरा देश जानता है। इनके कार्यकाल में कर सेवकों के खून से अयोध्या के मंदिर रंग गए थे। भारत की सांस्कृतिक विरासत को सपा ने लगातार धूल-धूसरित किया है।

Report :  Sarfaraz Warsi
Update: 2024-02-11 14:34 GMT

Barabanki News (Pic:Newstrack)

Barabanki News: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक आज बाराबंकी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राम चलो चौपाल अभियान में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा की सपा को छोड़कर सभी विधायक अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के दर्शन करने के लिए गए थे। ऐसा करके सपा ने एक बार फिर अपना चाल, चरित्र और चेहरा सबके सामने दिखा दिया है। इसलिए अपने किए की सजा इन सपाइयों को जनता जरूर देगी और यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा की ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह जैसे नेता भाजपा में आ चुके हैं। साथ ही पश्चिमी यूपी के जयंत चौधरी बहुत जल्द शामिल होने वाले हैं। पूरा देश मोदीमय हो चुका है।

जनता इनको जवाब देगी

दरअसल डिप्टी सीएम बृजेश पाठक अयोध्या में श्रीराम लला के दर्शन के बाद बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बघौरा गांव में आयोजित ग्राम चलो चौपाल अभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने यहां लाभार्थी संपर्क बूथ समिति की बैठक, पन्ना प्रमुख की बैठक और प्रभावी मतदाता बैठक में भाग लिया। इस दौरान बृजेश पाठक ने कहा कि इस तरह के अभियानों का मकसद केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। जिससे देश और प्रदेश की जनता एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए और आगामी चुनाव में जनता इनको जवाब देगी।

उनका चाल-चरित्र और चेहरा पूरा देश जानता है - डिप्टी सीएम

वहीं सपा के विधायकों का रामलला के दर्शन के लिए ना जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि उनका चाल-चरित्र और चेहरा पूरा देश जानता है। इनके कार्यकाल में कर सेवकों के खून से अयोध्या के मंदिर रंग गए थे। भारत की सांस्कृतिक विरासत को सपा ने लगातार धूल-धूसरित किया है। सपा के लोगों ने कभी प्रभु श्री राम के अस्तित्व को भी स्वीकार नहीं किया। समाजवादी पार्टी को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी और आगामी चुनाव में जनता उन्हें इसका जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि चाहे ओमप्रकाश राजभर हो या फिर दारा सिंह चौहान सब भाजपा में आ गए हैं। वहीं पश्चिमी यूपी के जयंत चौधरी समेत तमाम लोग भाजपा के साथ अभी भी जुड़ रहे हैं। पूरा देश मोदीमय हो चुका है। भारत का झंडा विश्व में सबसे ऊपर लहरा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे बड़े नेता बनकर उभरे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान देकर देश के एक-एक किसान का दिल जीत लिया है। उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों को भाजपा जीतने जा रही है। बृजेश पाठक ने कहा जो प्रभु श्री राम और सनातन के विरोधी दल हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में जीरो हो जाएंगे।

Tags:    

Similar News