Barabanki News:बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर लगा गगनचुंबी तिरंगा,पूरे जिले की बढ़ा रहा शान,रेल मंत्रालय की पहल से लोग काफी खुश

Barabanki News: आमतौर पर झंडा खादी से बनाया जाता है, लेकिन यह झंडा विशेष कपड़े से बनाया गया है, जो आंधी और बारिश में नहीं फटेगा। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की होगी।

Update: 2023-07-01 05:46 GMT
Indian Flag at Railway Station, Barabanki

Barabanki News: यात्रियों, रेलवे के अफसरों, कर्मचारियों और जिले के लोगों में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना पैदा करने के लिए रेल मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाया। जिसके तहत बाराबंकी रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य गेट पर 100 फीट ऊंचा हाईमास्ट लाइट जैसा तिरंगा झंडा लगाया गया है। यह तिरंगा झंडा काफी दूर से ही नजर आ रहा और रेलवे स्टेशन के साथ ही पूरे जिले की भी शान बढ़ा रहा है।

इस 100 फीट ऊंचे गगनचुंबी झंडे का साइज 30 गुणा 20 है। तिरंगा फहराने से स्टेशन और सुंदर लगने लगा है। झंडे के आसपास रंग-बिरंगी लाइटें भी लगाई गई हैं, जिससे रात में भी लोगों को यह आसानी से दिखता है। आमतौर पर झंडा खादी से बनाया जाता है, लेकिन यह झंडा विशेष कपड़े से बनाया गया है, जो आंधी और बारिश में नहीं फटेगा। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की होगी। जनपदवासियों को गौरवान्वित करने के मकसद से लगाया गया तिरंगा वैसे तो कभी नीचे नहीं उतारा जाएगा। हालांकि विशेष परिस्थिति में ही इसे नीचे उतारा जा सकता है।

वहीं रेलवे स्टेशन पर तिरंगा फहराने पर लोगों में भी काफी उत्साह है। यात्री दीपक सिंह और स्थानीय निवासी हरीष गुप्ता का कहना है कि दूर से ही तिरंगा झंडा सभी को दिखने लगता है। झंडा दिखते ही हमें भी अंदर अंदर गर्व की अनुभूति होने लगती है। उन्होंने इस पहल के लिये रेल मंत्रालय को शुक्रिया भी कहा। वहीं स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार रायजादा के मुताबिक आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर इतना ऊंचा तिरंगा झंडा इसलिए लगाया गया है कि यहां पर आने-जाने वाले लोगों के मन में देशभक्ति की भावना जाग्रत हो। इसके साथ ही तिरंगे झंडे को देखकर लोगों के मन में अपने देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा हो।

Tags:    

Similar News