Barabanki News: लव ट्राएंगल में हुआ था मर्डर, युवक ने सुपारी में दी थी मां की चेन, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Barabanki News: बाराबंकी पुलिस ने करीब नौ महीने पहले हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर के आरोपी एक किशोर को हिरासत में लिया है।

Update: 2023-08-29 15:48 GMT
लव ट्राएंगल में हुआ था मर्डर, युवक ने सुपारी में दी थी मां की चेन: Photo-Newstrack

Barabanki News: बाराबंकी पुलिस ने करीब नौ महीने पहले हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर के आरोपी एक किशोर को हिरासत में लिया है। जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

मृतक की पहचान छिपाने के लिए डाला था तेजाब

पुलिस के मुताबिक हत्यारोपितों ने मृतक के शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब भी डाला था। पुलिस खुलासे के मुताबिक किशोर ने अपने साथियों को मर्डर की सुपारी के तौर पर मां की सोने की चेन देकर इस मर्डर को करने के लिए तैयार किया था।

सीतापुर के जंगल में मिला था शव

पूरा मामला बाराबंकी में देवा थाना क्षेत्र के चकहार रेंदुआ पल्हरी से जुड़ा है। जहां के निवासी रामरूप का 17 वर्षीय बेटा गोविंद यादव 30 नवंबर 2022 को घर से अचानक गायब हो गया था। जिसके बाद रामरूप ने देवा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की छानबीन कर 8 दिसम्बर को किशोर गोविंद यादव का शव सीतापुर जिले में मुबारकपुर कला के जंगल में नहर किनारे पटरी से बरामद किया था। शव के चेहरे पर तेजाब डाला गया था।

आपको बता दें कि यह एक ब्लाइंड मर्डर था। जिसका पुलिस को कोई भी सुराग नहीं मिल पा रहा था। लेकिन पुलिस लगातार कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच कर रही थी। इसी का नतीजा रहा कि इस हत्याकांड की एक-एक परत खुलती चली गई और वारदात का खुलासा हो गया।

पुलिस ने दी ये जानकारी

बाराबंकी एएसपी आशुतोष मिश्रा के मुताबिक वारदात से कुछ दिन पहले गोविंद यादव पास के ही गांव में एक शादी समारोह में गया था। वहां उसकी मुलाकात एक लड़की से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। लेकिन लड़की का आरोपी किशोर से पहले से ही प्रेम संबंध था। एक दिन गोविंद यादव को उस लड़की के साथ हंसते-बोलते देख आरोपी किशोर गुस्से में आग-बबूला हो गया। इसी के बाद आरोपी किशोर ने गोविंद की हत्या की प्लानिंग बना डाली। आरोपी किशोर ने 2 शातिर साथियों को इसके लिए राजी किया। एएसपी के मुताबिक आरोपी किशोर बहाने से गोविंद यादव को अपने साथ सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाने क्षेत्र के शारदा नहर के किनारे मुबारकपुर कलां गांव ले गया। जहां आरोपी किशोर के साथी पहले से मौजूद थे।

आरोपियों ने वहां पहुंचने से पहले गोविंद की एक दुकानदार के नंबर से घर पर बात भी करा दी थी। जहां गोविंद ने अपनी मां को बताया था कि वह एक दो दिन में घर वापस आ जाएगा। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने गोविंद की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को तेजाब डालकर जला दिया। साथ ही शव को झाड़ियों में फेंककर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने अब 9 महीने बाद ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। साथ ही इस हत्याकांड में शामिल और लोगों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

Tags:    

Similar News