Barabanki News: पांडवों ने स्थापित किया था ये भालेनाथ का दिव्य शिवलिंग, जलाभिषेक को पहुंचे लाखों श्रद्धालु

Barabanki News: हजारों भक्तों ने देर रात से यहां अपना डेरा जमा लिया था। रात 12 बजे मंदिर से कपाट खुलते ही कतार में खड़े भक्तों ने हर-हर महादेव, बम भोले, ओम नमः शिवाय के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

Update:2023-07-10 12:23 IST
Barabanki News (photo: social media )

Barabanki News: आज सावन के पवित्र महीने का पहला सोमवार है। बाराबंकी जिले के रामनगर तहसील क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर धाम महादेवा मंदिर में देर रात से ही लाखों शिव भक्तों की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों भक्तों ने देर रात से यहां अपना डेरा जमा लिया था। रात 12 बजे मंदिर से कपाट खुलते ही कतार में खड़े भक्तों ने हर-हर महादेव, बम भोले, ओम नमः शिवाय के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

लाखों श्रद्धालुओं को संभालने के लिए प्रशासन की अभूतपूर्व व्यवस्था

दरअसल, महादेवा में सावन के सोमवार को जलाभिषेक का विशेष महत्व होता है। इसके अलावा इस बार सावन और पुरुषोत्तम मास के विलय होने से अद्भुत संयोग बन रहा है। उपासना के लिए शिवभक्तों को पूजा-अर्चना के लिये 59 दिन मिल रहे हैं। यानी सावन में आठ सोमवार पड़ेंगे। जिसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भी खास तैयारियां भी की हैं। मंदिर के गर्भगृह से लेकर पूरे परिसर में दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सैकड़ों पीएसी व पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही एंबुलेंस, पीआरवी और गोताखोरों की ड्यूटी भी लगाई गई है। सफाई, पेयजल और दूसरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

त्रेता युग में पांडवों द्वारा स्थापित है यहां का शिवलिंग

वहीं श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक करने आये श्रद्धालुओं ने बताया कि यहां आने से ही सारी मनोकामना पूरी हो जाती है। मंदिर के पुजारी के मुताबिक देश के कई राज्यों से श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर यहां पांडवों द्वारा स्थापित शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं। सावन मास के दिनों में यहां पर दर्शन का खास महोत्सव होता है। इस बार दो माह का सावन अद्भुत संयोग लेकर आया है। ऐसे में भगवान शिव की आराधना, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करने का फल श्रद्धालुओं को ज्यादा मिलेगा। यहां दूर-दूर से कांवर लेकर आए हजारों कांवरियों ने बारी-बारी से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरा महादेवा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता नजर आया।

Tags:    

Similar News