Barabanki News: राजकीय सम्प्रेक्षण गृह से भागी किशोरी, सुरक्षा व्यवस्था की खुल पोल, पुलिस की कई टीमें किशोरी की तलाश में

Barabanki News:17 वर्षीय किशोरी सम्प्रेक्षण गृह की छत से बगल के मकान की छत पर कूदकर भाग गई। किशोरी संतकबीरनगर जिले की रहने वाली है और यह अक्टूबर 2022 में चोरी के मामले में पकड़े जाने के बाद यहां लाई गई थी।

Update: 2023-07-27 03:33 GMT
Barabanki News (photo: social media )

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह की छत से कूदकर एक 17 वर्षीय किशोरी फरार हो गई। किशोरी के फरार होने की जानकारी मिलते ही डीएम-एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।

बाराबंकी जिला अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया है कि पुलिस की कई टीमें किशोरी की तलाश में लगाई गई हैं। घटना की जांच के आदेश दिए हैं। किशोरी के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। जिस भी कर्मचारी की घटना में शिथिलता पाई जाएगी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सम्प्रेक्षण गृह किशोरी के भागने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

बता दें कि यह पूरा मामला बाराबंकी शहर के आवास विकास कॉलोनी में एक किराए के मकान में स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोरी) का है। यहां संरक्षित करीब 17 वर्षीय किशोरी सम्प्रेक्षण गृह की छत से बगल के मकान की छत पर कूदकर भाग गई। किशोरी संतकबीरनगर जिले की रहने वाली है और यह अक्टूबर 2022 में चोरी के मामले में पकड़े जाने के बाद यहां लाई गई थी। जो बुधवार को सम्प्रेक्षण गृह से भाग गई। बताया जा रहा है कि बुधवार को सम्प्रेक्षण गृह में कौशल विकास योजना का प्रशिक्षण चल रहा था। इसमें उपस्थिती दर्ज कराने के बाद किशोरी वाॅशरुम जाने की बात कहकर कमरे से निकली थी।

बताया जा रहा है कि वासरूम के लिए गई किशोरी काफी देर तक वापस नहीं आई। किशोरी के वापस नहीं आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। वार्डेन कंचन वर्मा व महिला सुरक्षाकर्मियों ने किशोरी को पूरे सम्प्रेक्षण गृह में खोज डाला, लेकिन किशोरी नहीं मिली। जब सुरक्षाकर्मियों ने सम्प्रेक्षण गृह का मुख्य गेट देखा तो वह भी बंद था। काफी देर खोजबीन करने के बाद जब किशोरी नहीं मिली तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सम्प्रेक्षण गृह से किशोरी के भागने की सूचना मिलते ही डीएम अविनाश कुमार व एसपी दिनेश कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

सड़कों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी रही पुलिस

अधिकारियों ने बताया कि संप्रेक्षण गृह की छत से बगल के मकान की छत कई फुट नीचे है। आशंका है कि किशोरी के पैर में चोट आई होगी। देर रात तक पुलिस संप्रेक्षण गृह के आसपास के सभी रास्तों व सड़कों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी रही। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया है कि पुलिस की कई टीमें किशोरी की तलाश में लगाई गई हैं। घटना की जांच के आदेश दिए हैं। किशोरी के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। जिस भी कर्मचारी की घटना में शिथिलता पाई जाएगी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News