Election 2024: भदोही में अखिलेश यादव ने जनसभा को किया संबोधित, बोले- बीजेपी का हर वादा झूठा

Akhilesh Yadav in Bhadohi: उत्तर प्रदेश के भदोही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भाजपा को जमकर घेरा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-22 10:17 GMT

Akhilesh Yadav in Bhadohi: लोकसभा चुनाव को लेकर देश में राजनीतिक माहौल काफी गरम है। तमाम पार्टियां अपन-अपने हिस्से की तैयारियों में जुट गई हैं। दलों के स्टार प्रचारक अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भदोही में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी द्वारा दिये गए मंगलसूत्र वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस लोकसभा में चुनाव चिन्ह 7 नंबर पर है। शादियों में 7 वचन मतलब 7 जन्मों का बंधन होता है जो प्रधानमंत्री मोदी नही जानते। पहले चरण से चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा उससे लगता है कि भारतीय जनता पार्टी खत्म हो रही है। 

इनके हर एक वादे झूठे: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने भदोही की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा सरकार ने बीते 10 साल में लूट और झूठ बोलकर देश की जनता को सिर्फ गुमराह करने का काम किया है। इनका हर एक वादा झूठा है और जनता ने इस बार पीएम मोदी का सफाया करने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने आगे कहा, “जैसे ही हम पूर्वांचल में आए तो अब लगता है कि इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश की 80 की 80 सीटें जीतेगी। अखिलेश यादव के संबोधन के दौरान भदोही सांसद रमेश बिंद मंच पर उनके साथ खड़े रहे। सपा ने उन्हें मिर्जापुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है।

संविधान बचाना है तो इंडिया गठबंधन को जिताना होगा: अखिलेश यादव

संविधान के मुद्दे पर घेरते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जिस तरह समुद्र मंथन हुआ था। ठीक उसी तरह अब संविधान मंथन होने जा रहा है। एक तरफ वे लोग हैं, जो संविधान बदलना चाहते हैं और दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के लोग हैं, जो संविधान की रक्षा करना चाहते है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले ने कहा था 400 पार, लेकिन अब 400 से हार रहे हैं। ये इस बार 140 सीट के लिए भी तरस जायेंगे। जनता से अपील करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आप लोगों को संविधान बचाना है तो इंडिया गठबंधन को जिताना होगा।

7 नंबर को पीएम मोदी नहीं जानते: अखिलेश

अखिलेश यादव ने आगे पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा की हमारे इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार ललितेशपति त्रिपाठी का चुनाव चिन्ह ईवीएम में 7 नंबर पर है। 7 नंबर को पीएम मोदी नहीं जानते। क्योंकि 7 नंबर का मतलब 7 जन्मों का साथ, 7 वचन और 7 फेरा भी होता है। ये हम सबके लिए लकी नंबर है। अंत में अखिलेश यादव ने भदोही की जनता से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी के पक्ष में वोट करने की अपील की।

Tags:    

Similar News