Raebareli news: भाजपा विधायक और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष में ठनी, लगाए आरोप

Raebareli news: जनपद में सत्ता के दुरुपयोग की बानगी सामने आई है। यहां सत्तापक्ष के विधायक के सामने सिर न झुकाना एक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष को इतना भारी पड़ा कि अब उसे चुनाव लड़ना मुश्किल हो रहा है। आरोप है कि गुंडे और पुलिस उसके पीछे पड़े हैं। मामला परशदेपुर नगर पंचायत का है।

Update: 2023-04-24 12:49 GMT

Raebareli News: यहां भाजपा के पुराने कार्यकर्ता विनोद कौशल को पिछले नगर पंचायत चुनाव में पार्टी ने टिकट दिया और उन्होंने शानदार जीत दर्ज कराई। नगर पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद विनोद कौशल ने नगर में जबरदस्त विकास कराया। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने भी विनोद कौशल के कराये गए कार्यों का लोकार्पण करते समय सार्वजनिक मंच से उनकी जमकर तारीफ की थी। सूत्रों की मानें तो यहीं से विनोद कौशल की उल्टी गिनती शुरू हो गई थी। दरअसल, विनोद कौशल के कार्यकाल में ही 2022 विधानसभा चुनाव हुए थे।

इस चुनाव में स्थानीय विधायक दलबहादुर कोरी की मृत्यु के पश्चात खाली हुई सीट पर उनके पुत्र अशोक कोरी को विरासत के तौर पर आसान जीत हासिल हो गई थी। प्राइवेट नौकरी छोड़कर पैतृक सीट से विधायक बने अशोक कोरी को राजनीतिक समझ न होने के चलते कई बार उनकी ऐसी हरकतें सामने आईं जिससे सत्ता पक्ष खुद कटघरे में खड़ा नज़र आया। कभी एसडीएम पर रिश्वतखोरी का इल्जाम लगाते हुए फेसबुक पर पोस्ट लिख मारी तो कभी सीओ के खिलाफ धरने पर बैठ गए।

उधर, विनोद कौशल इन सब से बेख़बर विकास कार्यों में लगे रहे। आम लोग भी छोटी-मोटी समस्याओं के लिए विधायक की जगह नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कौशल के दरबार में ही जाना पसंद करते। विनोद कौशल भी जनता के कार्यों में इतने व्यस्त रहे कि विधायक के पास जाने का उन्हें समय ही नहीं मिलता था। यही कारण रहा कि विधायक कोरी नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल को लेकर मन ही मन जो ठान चुके थे, वह टिकट वितरण के समय सामने आ गया।

विधायक कोरी की संस्तुति पर बाहर रहकर ठेकेदारी करने वाले ओमप्रकाश मौर्य को पैराशूट प्रत्याशी के तौर पर भाजपा से टिकट मिल गया जबकि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे स्थानीय पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष को पार्टी ने नकार दिया। मजबूरन, विनोद कौशल समर्थकों के आग्रह पर निर्दलीय प्रत्याशी बन गए। शुरू में विनोद कौशल पर नाम वापसी का दबाव डाला गया। आरोप है कि न मानने पर उन्हें धमकी देने के साथ ही स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनके घर पर धावा भी बोला।

विनोद कौशल की पत्नी ने ज़िलाधिकारी के नाम इस पूरे मामले की चिट्ठी वायरल की और समर्थकों ने एसपी आफिस का घेराव किया। कार्रवाई न होने पर कल विनोद कौशल की पत्नी ने बदमाशों का उनके घर पर धावा बोले जाने का सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए मीडिया के सामने बयान दिया। सीसीटीवी और मीडिया में बयान जारी होते ही थोड़ी देर बाद विनोद कौशल व पचास अन्य के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया।

उधर, सत्ता और पुलिस के गठजोड़ से परेशान हो चुके विनोद कौशल ने आज भाजपा प्रत्याशी के साथ चल रहे सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ का वीडियो जारी कर सवाल पूछा है कि क्या इन पर भी आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज होगा। नगर पंचायत परशदेपुर के चुनाव में हार जीत किसी की हो लेकिन इतना तय है कि यहां भाजपा ज़रूर कमज़ोर होगी। जिसका असर आने वाले लोकसभा चुनाव में सामने आएगा।

Tags:    

Similar News