Meerut News: पश्चिमी यूपी की कमान सत्येन्द्र को देकर भाजपा ने खेला ‘क्षत्रिय कार्ड’

Meerut News:भारतीय जनता पार्टी ने तमाम अटकलों को ध्वस्त करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सत्येन्द्र सिसौदिया को सौंपकर पहली बार क्षत्रिय कार्ड चला है।

Update: 2023-03-26 20:21 GMT
मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के नये अध्यक्ष बने सत्येन्द्र सिसौदिया

Meerut News: भारतीय जनता पार्टी ने तमाम अटकलों को ध्वस्त करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सत्येन्द्र सिसौदिया को सौंपकर पहली बार क्षत्रिय कार्ड चला है। गौरतलब है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में जाट-गुर्जर सबसे अहम फैक्टर माना जाता है। ऐसे में इस तरह की अटकलें थीं कि भाजपा का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष जाट अथवा गुर्जर समाज से ही बनाया जाएगा। खतौली विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद किसी गुर्जर के हाथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपे जाने की अधिक थी। गुर्जर के हाथ कमान सौंपे जाने की संभावना इसलिए भी अधिक मानी जा रही थी क्योंकि क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष जाट हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश यूपी से ही हैं। लेकिन भाजपा इस तरह के मामलों में अप्रत्याशित निर्णय लेने के लिए जानी जाती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नये अध्यक्ष की घोषणा में भाजपा ने यह बात एक बार फिर साबित कर दी।

राजनीतिक रूप से मजबूत हैं क्षत्रिय

यहां बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रियों की आबादी भी काफ़ी है और वे राजनीतिक रूप से बहुत मज़बूत भी हैं। क्षत्रिय समुदाय भी पश्चिमी यूपी में हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदाय में पाए जाते हैं। ये पश्चिमी यूपी के तमाम जिलों में अच्छी सियासी ताकत रखते हैं और सामान्य जाति में आते हैं। गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहित तमाम जिलों में सियासी तौर पर काफी मजबूत माने जाते हैं। ये भले ही अपने दम पर न जीत सके, लेकिन दूसरी जातियों के दम पर विधानसभा और लोकसभा पहुंचते रहे हैं। एक दौर में ठाकुर वोटर आरएलडी का कोर वोटबैंक माना जाता था, लेकिन बाद में सपा के साथ चला गया था।

पिछले चुनाव से पहले तक भाजपा के साथ था। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के फायर ब्रांड नेता ठाकुर संगीत सोम सरधना से पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा थाना भवन से चुनाव हार गये थे। क्षेत्र के अपने दो कद्दावर माने जाने वाले क्षत्रिय नेताओं की हार से भाजपा चिंतित थी। इसलिए पार्टी ने नोएडा विधायक पकंज सिंह को प्रदेश में उपाध्यक्ष ,सत्येन्द्र सिसौदिया को क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं बुलन्दशहर के चन्द्रमोहन को प्रदेश मंत्री बनाकर क्षत्रिय समाज को साधने का प्रयास किया है। जहां तक पार्टी के नये क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसौदिया की बात है तो वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो बार महामंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सौंप कर भाजपा ने मेरठ,गौतमबुद्धनगर,गाजियाबाद,बागपत,बुलन्दशहर एवं सहारनपुर के क्षत्रियों को साधने का प्रयास किया है।

Tags:    

Similar News