सपा को मंहगा पड़ा विरोध प्रदर्शन, पूर्व मंत्री समेत पार्टी नेताओं के खिलाफ केस दर्ज

जिले के सिकंदरपुर के उप जिलाधिकारी के विरुद्ध शिकायत करने के लिये प्रदर्शन करना पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी समेत तमाम सपा नेताओं को मंहगा पड़ा है...

Update: 2020-06-29 18:46 GMT

बलिया: जिले के सिकंदरपुर के उप जिलाधिकारी के विरुद्ध शिकायत करने के लिये प्रदर्शन करना पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी समेत तमाम सपा नेताओं को मंहगा पड़ा है। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन व महामारी फैलाने के मामले में पूर्व मंत्री सहित 5 नेताओं के विरुद्ध नामजद व 35 से 45 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें:भारतीय युवा अंपायर ने रचा इतिहास, आईसीसी ने नितिन मेनन को दिया बड़ा मौका

जानकारी के अनुसार बलिया शहर कोतवाली में चौकी प्रभारी, सिविल लाइंस की शिकायत पर पूर्व काबिना मंत्री मुहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, सपा जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत के पूर्व चेयरमैन राजमंगल यादव, पूर्व विधायक संग्राम सिंह यादव समेत 5 नेताओं के विरुद्ध नामजद व 35 से 45 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 188 व 269 तथा महामारी अधिनियम की सुसंगत धारा में आज मुकदमा दर्ज किया गया है। बलिया शहर कोतवाली के प्रभारी विपिन सिंह ने मुकदमा दर्ज करने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि जिले के सिकंदरपुर तहसील के उप जिलाधिकारी संगम लाल यादव के क्रियाकलाप के विरोध में समाजवादी पार्टी ने आज इसको लेकर सिकंदरपुर से एक जुलूस निकाला था। जुलूस सिकंदरपुर से चलकर जिला मुख्यालय पहुँचा था तथा जिला अध्यक्ष राजमंगल यादव एव पूर्व मंत्री मो. ज़ियाउद्दीन रिजवी की अगुवाई में जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा गया था। पत्रक जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट ने प्राप्त किया था। पत्रक में उप जिलाधिकारी, सिकन्दरपुर संगम यादव पर बेहद गंभीर आरोप लगाया गया।

ये भी पढ़ें: भारत विरोध पर अलग-थलग पड़े ओली, पीएम को उनके ही विदेश मंत्री ने दी नसीहत

लगाए गए ये आरोप...

पत्रक में आरोप लगाया गया है कि उपजिलाधिकारी अपने कुछ चुनिन्दा मातहतों के माध्यम से धन उगाही कराते हैं तथा उसी के आधार पर उपजिलाधिकारी द्वारा आवेदनों पर आदेश दिया जाता है। यह भी शिकायत की गई है कि ग्राम ईसार में उप जिलाधिकारी स्वयं पक्षकार बन गए हैं तथा सपा कार्यकर्ता सरयू चौधरी के खेत में जबरन रास्ता बनावाने के लिए दबाव बना रहे हैं।

पत्रक में यह भी आरोप लगाया गया कि उप जिलाधिकारी, सिकन्दरपुर किसी भी फरियादी से मिलते नहीं हैं। दूर-दूर से लोग अपनी समस्या लेकर सिकंदरपुर तहसील पर आते हैं और उनकी कोई सुनवाई न होने के कारण निराश होकर लौट जाते हैं। आम जनता के कार्यो को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया जाता। उप जिलाधिकारी पर आम जन से अशोभनीय हरकत करने की भी शिकायत की गई। सपा नेताओं ने उप जिलाधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

रिपोर्ट: अनूप कुमार हेमकर

ये भी पढ़ें: मुख्तार गिरोह पर योगी सरकार का शिकंजा, मछली माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

Tags:    

Similar News