UP Politics: 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद उत्तर प्रदेश में 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान', जानें क्या है कांग्रेस का प्लान?

UP Politics: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस आलाकमान अभी से तैयारियों में जुटा है। इसी के तहत 26 जनवरी से यूपी में 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान शुरू होगा।

Written By :  aman
Update: 2023-01-06 17:40 GMT

 राहुल और प्रियंका गांधी (Social Media)

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो यात्रा' जारी है। इस वक्त ये यात्रा देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश होकर गुजर रहे है। अब खबर आ रही है कि जल्द ही कांग्रेस पार्टी (Congress) 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान (Hath Se Hath Jodo Abhiyan) चलाएगी। इस अभियान के जरिये 'भारत जोड़ो यात्रा' के माध्यम से राहुल गांधी के दिए संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत 26 जनवरी 2023 को होगी।

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान दो महीने तक चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के हर ब्लॉक में तकरीबन एक महीने का अभियान चलाया जाएगा। जिसमें कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचकर सीधे मतदाताओं से संवाद स्थापित करेंगे। 

प्रियंका गांधी को प्रोजेक्ट करने की तैयारी

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अभी से जुटा है। पार्टी ने कई कार्यक्रमों का खाका तैयार किया हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर तैयार इन कार्यक्रमों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) की भूमिका अहम होगी। प्रियंका को एक अहम चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट करने की तैयारी है। दरअसल, देश के सभी राज्यों की राजधानी में जो भी यात्राएं निकलेंगी उनमें प्रियंका गांधी नज़र आएंगी। इसके अतिरिक्त एक ऑब्जर्वर प्रदेश के बाहर का नेता होगा। उसी की देखरेख में संबंधित प्रदेश में ये अभियान चलाया जाएगा।

यूपी की कमान दीपेंद्र हुड्डा के हाथ

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उत्तर प्रदेश में राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा (Deepender Singh Hooda) को ये जिम्मेदारी दी गई है। 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान में प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी प्रांतीय अध्यक्ष के भी कार्यक्रम तय किए जाएंगे। जल्द ही प्रदेश के सभी नेताओं को कांग्रेस पार्टी जिला आवंटन करने का काम पूरा करेगी।

प्रियंका का रोल अहम

इस यात्रा के बारे में कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे (Nakul Dubey) ने कहा, 'जब तक इस देश में नफरत, ऊंच-नीच, गरीबी-अमीरी की खाई नहीं मिटेगी राष्ट्र का विकास नहीं होगा। इसी अंतर का फायदा कुछ लोगों और पार्टियों को मिल रहा है। जब तक उस अंतर को समाप्त नहीं कर लिया जाता, तब तक कांग्रेस दिन-रात सारे काम छोड़ इसमें जुटी रहेगी।'

Tags:    

Similar News