Kanpur Dehat: नन्ही भूखी बच्चियों को बचाने के लिए थाने पहुंची एक मां, हैवान ससुराल वालों की बताई कहानी

Kanpur Dehat: महिला ने बताया कि पति बृजेश पत्नी से लगातार दहेज की मांग करता है। वहीं, जेठानी कर्मा उसकी दोनों बेटियों को तंबाकू या कोई जहरीला पदार्थ देकर मार डालने के दबाव बना रही है।

Report :  Manoj Singh
Update: 2022-09-01 08:54 GMT

थाने में बेटियों और बूढ़ी मां के साथ बैठी पीड़िता बबली 

Click the Play button to listen to article

Kanpur Dehat News : कानपुर देहात में गोद में एक 12 दिन की बच्ची और एक डेढ़ साल की बेटी लिए महिला पुलिस थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को आपबीती सुनायी। उसने बताया कि, जब से उसने दो बेटियों को जन्म दिया है ससुराल वाले उसकी जान के पीछे पड़े हैं। ससुराल वाले उक्त महिला पर बच्चियों को मार डालने के दबाव बना रहे हैं।

उस महिला पर जुल्म की दास्तां यहीं ख़त्म नहीं होती। पीड़िता ने बताया कि उसके ससुराल वाले उस पर मायके से दहेज लाने का दबाव बना रहे हैं तथा प्रताड़ित भी कर रहे हैं। उसने बताया कि पति के साथ प्रताड़ना में जेठानी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। जिस पर कानपुर पुलिस ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार 

यह मामला कानपुर देहात के थाना सिकंदरा के मानपुरकी है। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने पुलिस के सामने गुहार लगाई। उक्त महिला को पुलिस हेल्पलाइन बस में बैठाया गया। महिला की गोद में 12 दिन की मासूम बच्ची थी। बगल में उसकी बूढ़ी मां भी बैठी थी। जिसकी गोद में डेढ़ साल की बच्ची थी। पीड़िता ने रोते हुए पुलिस से गुहार लगाया कि उसे न्याय चाहिए। यह महिला अपनी मां और बेटियों के साथ पैदल चलकर आई थी।


क्या है मामला? 

पीड़िता का नाम बबली है। उसने बताया कि, उसका पति बृजेश, जेठानी कर्मा और जेठ अखिलेश बेटी पैदा होने के बाद से मारपीट कर रहे हैं। साथ ही ससुराल वाले घर से निकालने की भी बात कहते हैं। अब वो थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रही है। महिला बबली ने थाना प्रभारी समर बहादुर यादव से रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि, दो वर्ष पूर्व लॉकडाउन के दौरान शादी हुई थी। महिला अलीगढ़ जिले की रहने वाली है। लॉकडाउन में शादी होने की वजह से उसके मायके वाले कोई सामान नहीं दे पाए थे। तब से ससुराल वाले महिला पर 5 लाख रुपए दहेज लाने का दबाव बना रहे हैं।

दूसरी बेटी होने के साथ बढ़ी प्रताड़ना, मारने का दबाव  

इसी दरमियान महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। वह अभी डेढ़ साल के करीब की है। बच्ची होने के बाद को ससुराल वालों के टॉर्चर बढ़ने लगा। मां पर बराबर उस बच्ची को मार देना का दबाव बनाने लगे। अब जब वो दोबारा मां बनी है तो उसके साथ प्रताड़ना और बढ़ गई। महिला की गोद में 12 दिन की बच्ची है।


'बच्चियों को जहर देकर मार दो' 

महिला ने बताया कि पति बृजेश पत्नी से लगातार दहेज की मांग करता है। वहीं, जेठानी कर्मा उसकी दोनों बेटियों को तंबाकू या कोई जहरीला पदार्थ देकर मार डालने के दबाव बना रही है। जबकि, पीड़िता बबली अपनी बच्चियों को पालना चाहती है।

थाना प्रभारी ने बच्ची के लिए दूध मंगवाया 

प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता गुरुवार को पुलिस थाने पहुंची। उसने न्याय के लिए गुहार लगाई। थाना प्रभारी समर बहादुर यादव को उसने बताया कि उसकी डेढ़ वर्ष की बच्ची भूखी है। कल से उसे खाना नहीं मिला है। इसके बाद थाना प्रभारी ने तत्काल बच्चे के लिए दूध मंगवाया। थाना प्रभारी ने बताया, कि 'महिला से तहरीर ली गई है। वह आरोपी ससुराल वालों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस भेजेंगे।

Tags:    

Similar News