Lucknow News: लखनऊ वाले रहें सतर्क, नौकरी और फ्लैट दिलाने के नाम पर ऐंठे 39 लाख रुपए

Fraud in Lucknow: लखनऊ में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपए और फ्लैट दिलाने के नाम पर 34 लाख रुपए की ठगी के मामले सामने आए हैं।

Written By :  aman
Update: 2022-09-10 09:46 GMT

 फर्जी नौकरी के नाम पर करोड़ों की वसूली। (Social Media)

Fraud in Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रेलवे में नौकरी (Job in Railway) और फ्लैट दिलाने का प्रलोभन दे ठगों ने एक महिला सहित दो लोगों से करीब 39 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब इस बात का खुलासा हुआ कि उनके साथ जालसाजों ने ठगी की है, तो पीड़ितों के पैर के नीचे से जमीन ही खिसक गई। पीड़ितों की तहरीर पर राजधानी के गुंडबा और सरोजनीनगर थाने में केस दर्ज करवाया गया है।

गौरतलब है कि, सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर देश भर में ठगी का धंधा जोरों पर है। कई ठग और जालसाज प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी इस प्रकार का काम कर रहे हैं। जानकार बताते हैं कि इस तरह के मामलों में कई गिरोह और रैकेट सक्रिय हैं जो भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाते हैं और उनकी गाढ़ी कमाई लेकर भाग खड़े होते हैं।    

क्या है मामला?  

लखनऊ के कल्याणपुर रिंग रोड (Lucknow Kalyanpur Ring Road) पर रहने वाली सीमा चौरसिया एक निजी कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने बताया, कि पिछले साल कन्नौज (Kannauj) निवासी उनके परिचित, जिसका नाम आकाश सिंह है, ने रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही। आकाश ने सीमा से घूस के तौर पर पांच लाख रुपए की मांग की। उसने बताया कि, उसकी रेलवे के कई अधिकारियों से परिचय है। उसका काम हो जाएगा।

डीआरएम दफ्तर में खुला राज 

इसके बाद सीमा ने ढाई लाख रुपए की पहली किस्त दी। आकाश ने शेष राशि बाद में देने को कहा। सीमा ने आकाश को रुपए दे दिए। कई महीने बीतने के बाद दिसंबर 2021 में आकाश ने सीमा को एक नियुक्ति पत्र दिया। इसके बाद उसने ढाई लाख रुपए और ले लिए। सीमा बताती हैं कि नियुक्ति पत्र लेकर जब वो डीआरएम दफ्तर पहुंची, तो पता चला कि वह फर्जी है।

आरोपी अब धमकी दे रहा  

इतना सुनते ही सीमा परेशान हो गई। उसके आकाश से रुपयों की मांग की। पहले तो उसने टाल-मटोल किया, फिर धमकी देने लगा। इसके बाद थाने में तहरीर दी। इस बाबत जब स्थानीय पुलिस से बात की गई तो इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह गौड़ ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।

फ्लैट दिलाने के नाम पर 34 लाख रुपए ठगे 

दूसरी उधर, एक ऐसा ही मामला लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर (Transport Nagar) का है। जहां रहने वाले उमेश तिवारी को फ्लैट दिलाने का झांसा देकर 34 लाख रुपए जालसाजों ने ठग लिए। उमेश बताते हैं कि, राजधानी के गोमतीनगर (Gomti Nagar) विकल्प खंड में रहने वाले किसी अजय बघेल नाम के शख्स ने उनसे फ्लैट दिलाने की बात कही थी। आरोपी ने पीड़ित उमेश को सुशांत गोल्फ सिटी (Sushant Golf City) में एक फ्लैट भी दिखाया। तब उस फ़्लैट की कीमत 60 लाख रुपए बताई गई। फ्लैट पसंद आने पर उमेश ने उन्हें 34 लाख रुपए दो किस्तों में दिए। बावजूद फ्लैट के कागजात नहीं दिखाए। जब काफी दबाव बनाया गया तो उसने फ्लैट के कागज दिए। जब जांच करवायी तो पता चला कि यह फ्लैट किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है।

घर के दस्तावेज फर्जी निकले 

पीड़ित उमेश को सौंपे गए घर के दस्तावेज भी फर्जी निकले। विरोध करने और पैसे मांगने पर अजय बघेल टाल-मटोल करने लगे। फिर उसने समझौता कर रुपए देने की बात कही। उसने 12 लाख रुपए का एक चेक दिया। मगर, वो बाउंस हो गया। अब आरोपी अजय धमकी दे रहा है। मामले की तहरीर सरोजनी नगर कोतवाली में देकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

Tags:    

Similar News