Ghaziabad News: पुरवाई हवा से तापमान पर ब्रेक, उमस और बिजली कटौती कायम

Ghaziabad News: मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूरज देव का कहना है कि हवा का रुख बदलने से दिन के तापमान में गिरावट आई है। सूरज की तपिश के बीच गर्मी परेशान करेगी। गर्मी में विद्युत आपूर्ति भी ठीक प्रकार से नहीं हो रही है।

Report :  Neeraj Pal
Update: 2024-05-24 03:42 GMT
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Ghaziabad News: मई माह में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का असर गाजियाबाद में गुरुवार को भी बना रहा। पुरवाई हवा से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर दिया है। 43 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान पर अब पुरवाई हवा ने ब्रेक लगा दिया है। तापमान में भले गिरावट दर्ज की गई लेकिन अभी उमस का असर ऐसे ही बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूरज देव ने बताया कि मई माह में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का असर ऐसे ही बना रहेगा। एक दिन पहले तक दिन का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। गुरुवार रात से हवा का रुख पछुवा से पुरवा हुआ तो तापमान भी गिरते हुए 41.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा के चलते तापमान कम हुआ। लेकिन उमस और दिन में चिलचिलाती धूप ने शहरवासियों को हलकान रखा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स कम हुआ है। गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स 70 पर पहुंच गया है। दिन में चल रही पुरवा हवा के कारण हवा की सेहत में सुधार हुआ है।

बिजली कटौती से लोग परेशान

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूरज देव का कहना है कि हवा का रुख बदलने से दिन के तापमान में गिरावट आई है। सूरज की तपिश के बीच गर्मी परेशान करेगी। गर्मी में विद्युत आपूर्ति भी ठीक प्रकार से नहीं हो रही है। गुरुवार को गाजियाबाद में जहां बिजली कटौती से पूरा शहर त्रस्त रहा। वहीं शुक्रवार को भी कई कॉलोनियों में बिजली कटौती जारी रही। कई इलाकों में लोड बढ़ने पर बिजली के झटके लगते रहे। बार-बार बिजली जाने के कारण विद्युत उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। सबसे अधिक समस्या लोड बढ़ने को लेकर आ रही है। पहले जहां 550 मेगावॉट विद्युत डिमांड थी वह डिमांड बढ़कर 1050 मेगावॉट से अधिक हो गई है। जिस कारण फाल्ट की समस्या आ रही है। लोड बढ़ने के कारण ही बिजली केबल फुंक रहे हैं। कई जगहों पर पुराना तार बिजली फाल्ट का कारण बन रहा है। इन तारों को बदलकर विभाग की ओर से विद्युत आपूर्ति ठीक प्रकार से कराए जाने की तैयारी की जा रही है।

Tags:    

Similar News